जमोड़ी में नवीन थाना भवन का भूमि पूजन संपन्न, पुलिस अधीक्षक डॉ. रविंद्र वर्मा ने किया शिलान्यास
सीधी।
जिले के जमोड़ी क्षेत्र अंतर्गत पनवार चौहानन टोला में मंगलवार, 26 अगस्त 2025 को नवीन थाना जमोड़ी भवन के निर्माण हेतु भूमि पूजन और शिलान्यास कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक डॉ. रविंद्र वर्मा ने विधिवत भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
चौकी से थाने तक का सफर

विदित हो कि 01 जनवरी 2019 के पूर्व जमोड़ी, कोतवाली थाना क्षेत्र की एक चौकी के रूप में कार्यरत था। बाद में इसे थाना का दर्जा दिया गया और अस्थायी रूप से सामुदायिक भवन से संचालित किया जा रहा था। पुलिस अधीक्षक सीधी द्वारा लगातार पत्राचार कर नवीन थाना भवन निर्माण हेतु प्रस्ताव पुलिस मुख्यालय भोपाल भेजा गया था। प्रस्ताव स्वीकृत होने पर निर्माण हेतु राशि स्वीकृत की गई और आज भूमि पूजन के साथ ही कार्य का शुभारंभ हो गया।
कार्यक्रम में रही पुलिस और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी

भूमि पूजन समारोह में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव, उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अमन मिश्रा, परिवीक्षाधीन उप पुलिस अधीक्षक सुजीत कड़वे, नवनियुक्त डीएसपी शुभम जैन, रक्षित निरीक्षक वीरेंद्र कुमरे, थाना प्रभारी कोतवाली कन्हैया सिंह बघेल, थाना प्रभारी यातायात अभिषेक उपाध्याय, थाना प्रभारी महिला थाना रीता त्रिपाठी, थाना प्रभारी अजाक आर.एल. साकेत, थाना प्रभारी जमोड़ी दिव्य प्रकाश त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
इसके अतिरिक्त संविदाकार रमेश साहू, एसडीओ (पुलिस हाउसिंग) संदीप सिंह तथा सब इंजीनियर जफ़र अली भी कार्यक्रम में शामिल हुए। स्थानीय ग्रामीणजन भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे और इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बने।
बेहतर पुलिस सेवाओं का भरोसा
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक डॉ. रविंद्र वर्मा ने कहा कि नवीन थाना भवन के निर्माण से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी। आमजन को पुलिस सेवाएँ अब और अधिक बेहतर एवं सुलभ रूप से उपलब्ध हो सकेंगी।








