????सीधी:बाघ शिकार प्रकरण का फरार आरोपी गिरफ्तार
संजय टाइगर रिजर्व की टीम को मिली बड़ी सफलता, न्यायालय ने भेजा जेल
✍️ ब्यूरो कार्यालय सीधी
सीधी। संजय टाइगर रिजर्व के दुबरी वृत में हुए बाघ शिकार प्रकरण में फरार आरोपी को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया गया। क्षेत्र संचालक अमित कुमार दुबे और उप संचालक राजेश कन्ना टी. के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई को वन विभाग ने बड़ी सफलता माना है।
ऐसे हुआ था बाघ का शिकार
दिनांक 19 अगस्त 2025 को परिक्षेत्र दुबरी के डेवा बीट, खरवर कक्ष क्रमांक 509 (बस्तुआ-दुबरी सीमा लाइन) में करंट लगाकर बाघ का शिकार किया गया था। घटना के बाद वन अपराध प्रकरण 562/18 दर्ज किया गया था। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर डॉग स्क्वॉड और वन अमले ने गहन जांच शुरू की।
जांच में ग्राम खरबर के 4 आरोपी सामने आए –
- धर्मपाल उर्फ मुंडू बैगा (55 वर्ष)
- नानदाऊ बारडोलिया (53 वर्ष)
- राजेश बैगा (33 वर्ष)
- रामसजीवन उर्फ लाला बैगा (फरार)
तीन आरोपी पहले ही पकड़े जा चुके थे
इस मामले में आरोपी क्रमांक 1 और 2 को 21 अगस्त 2025 को गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि आरोपी क्रमांक 3 को 23 अगस्त 2025 को पकड़ लिया गया। शेष फरार आरोपी रामसजीवन उर्फ लाला बैगा को वन विभाग ने मड़वास के पास चंदही गांव में घेराबंदी कर धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुराने प्रकरण का आरोपी भी सरेंडर
इसी दौरान बाघ शिकार प्रकरण क्रमांक 594/11 (दिनांक 05 सितम्बर 2024) में फरार आरोपी रमेश सिंह पिता दद्दू, निवासी बोदरीटोला, पोस्ट चामराडोल ने आत्मसमर्पण कर दिया। अदालत ने उसे भी न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
टीम की सराहना
इस पूरी कार्रवाई में नरेन्द्र रवि (सहायक संचालक मझौली), विवेक सिंह (परिक्षेत्र अधिकारी डुबरी), कैलाश बामनिया (परिक्षेत्र अधिकारी बस्तुआ), राकेश कुमार प्रजापति (परिक्षेत्र सहायक डेवा), बाबू नंदन (परिक्षेत्र सहायक बड़कडोल), श्रीराम कुशवाहा, गगन नेतिया, रवि सिंह, शिवांगी द्विवेदी, ज्योति साहू, संदीप सिंह, सुभाष द्विवेदी, अमरसिंह समेत पूरी टीम की सक्रिय भूमिका रही।
???? यह गिरफ्तारी वन विभाग के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। लगातार हो रहे बाघ शिकार प्रकरणों को रोकने के लिए ऐसी सख्त कार्रवाई जरूरी है ताकि वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।








