रीवा:तेज रफ्तार बस पलटी, 12 यात्री घायल – चालक मौके से फरार
रीवा। जिले के चोरहटा थाना क्षेत्र अंतर्गत कुल्लू मोड़ के पास शनिवार सुबह यात्रियों से भरी तेज रफ्तार बस अचानक बेकाबू होकर पलट गई। हादसा सुबह 9 से 10 बजे के बीच हुआ। बस में कुल 25 यात्री सवार थे, जिनमें से 12 को मामूली चोटें आईं। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

लापरवाही बना हादसे का कारण
प्रत्यक्षदर्शियों और यात्रियों ने बताया कि भारत ट्रेवल्स की यह बस सेमरिया से रीवा की ओर जा रही थी। बस चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चला रहा था। यात्रियों ने कई बार उसे धीमा चलाने और सावधानी बरतने की सलाह दी, लेकिन उसने अनसुनी कर दी। इसी दौरान सामने से आ रहे वाहन को बचाने के प्रयास में बस का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई। बताया गया कि चालक बस चलाते समय पीछे बैठी एक लड़की से बातचीत में भी व्यस्त था।
ग्रामीणों और पुलिस ने किया रेस्क्यू
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही चोरहटा थाना पुलिस भी पहुंची और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। घायलों को एंबुलेंस से संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल में सभी का उपचार
संजय गांधी अस्पताल के सीएमओ डॉ. यतनेश त्रिपाठी ने बताया कि सभी घायलों की हालत स्थिर है। किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई है। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को डिस्चार्ज कर दिया गया है, केवल दो घायलों को एहतियातन ऑब्जर्वेशन में रखा गया है।
चालक फरार, पुलिस कर रही तलाश
हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
चोरहटा थाना प्रभारी आशीष मिश्रा ने कहा कि सूचना मिलते ही पुलिस ने रेस्क्यू शुरू कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। अब मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।








