???? सीधी में पुलिस अधीक्षक की मासिक क्राइम मीटिंग
अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा और त्यौहारों की सुरक्षा व्यवस्था पर सख्त निर्देश
सीधी। पुलिस अधीक्षक डॉ. रविन्द्र वर्मा के नेतृत्व में शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय सीधी में मासिक क्राइम मीटिंग आयोजित की गई। बैठक में जिले के अपराधों की त्रिवर्षीय तुलनात्मक समीक्षा की गई और अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों पर त्वरित कार्रवाई तथा डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म (ICJS, ई-साक्ष्य, ई-रक्षक, संदेश एप) के प्रभावी उपयोग पर विशेष बल दिया गया।

बैठक में थाना प्रभारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए, जिनमें गुमशुदा/अपहृत बालक-बालिकाओं की शीघ्र बरामदगी, गंभीर अपराधों की समय पर विवेचना, महिला अपराधों की जांच ITSSO पोर्टल के मानकों के अनुसार करने, लंबित चालान शून्य करने तथा रात्रि गश्त को और अधिक प्रभावी बनाने जैसे बिंदु शामिल रहे।
पुलिस अधीक्षक के मुख्य निर्देश
- महिला और बालक-बालिकाओं से जुड़े अपराधों की विवेचना समयबद्ध व पारदर्शी ढंग से की जाए।
- ICJS व ई-साक्ष्य पोर्टल का अनिवार्य रूप से उपयोग हो।
- साइबर अपराधों पर तत्काल संज्ञान लेकर त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
- त्यौहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखी जाए ताकि जिले का माहौल शांतिपूर्ण रहे।
- मादक पदार्थ, अवैध शराब, जुआ-सट्टा और चोरी जैसे अपराधों पर कठोर कार्रवाई की जाए।
- मोटर व्हीकल एक्ट उल्लंघन पर सख्ती बरतते हुए सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के प्रयास किए जाएं।
- सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का त्वरित निपटारा हो।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव, उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अमन मिश्रा, एसडीओपी चुरहट आशुतोष द्विवेदी, परिविक्षाधीन उप पुलिस अधीक्षक सुजीत कड़वे, रक्षित निरीक्षक वीरेंद्र कुमरे सहित सभी थाना/चौकी प्रभारी एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में पुलिस अधीक्षक डॉ. वर्मा ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रोत्साहित करते हुए पुरस्कृत भी किया।








