Re. No. MP-47–0010301

रीवा: न्यायाधीश को 5 अरब की फिरौती मांगने वाला आरोपी गिरफ्तार

रीवा: न्यायाधीश को 5 अरब की फिरौती मांगने वाला आरोपी गिरफ्तार, रंजिश में लिखा था धमकी भरा पत्र

रीवा। मध्यप्रदेश के रीवा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। त्योंथर न्यायालय में पदस्थ न्यायाधीश मोहिनी भदौरिया को डाक से धमकी भरा पत्र मिला था। पत्र में लिखा गया था कि जिंदा रहना है तो 5 अरब रुपए देने होंगे, अन्यथा जान से मार दिया जाएगा। इस धमकी ने न्यायिक व्यवस्था में हड़कंप मचा दिया।

कैसे खुला राज़?

धमकी भरा पत्र 2 सितंबर को न्यायालय को रजिस्ट्री डाक के माध्यम से मिला। इसमें आरोपी ने खुद को डकैत हनुमान का साथी बताया और फिरौती प्रयागराज के बड़गड़ जंगल में जमा करने को कहा।

जैसे ही न्यायाधीश ने मामला दर्ज कराया, पुलिस सक्रिय हो गई। जांच में पाया गया कि पत्र पर प्रयागराज जिले के संदीप सिंह का नाम लिखा गया है। पुलिस ने पत्र की रजिस्ट्री की जानकारी ली तो बड़ा खुलासा हुआ।

CCTV से हुआ पर्दाफाश

पुलिस टीम ने प्रयागराज के RMS डाकघर के CCTV फुटेज खंगाले। उसमें 28 अगस्त को देवराज सिंह नामक युवक पत्र रजिस्ट्री करता हुआ नजर आया। जब उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की गई तो उसने चौंकाने वाला सच उगल दिया।

रंजिश थी वजह

देवराज सिंह ने कबूला कि उसका विवाद गांव के ही संदीप सिंह से हुआ था। बदला लेने और संदीप को फंसाने के लिए उसने उसके नाम से धमकी भरा पत्र लिखकर न्यायाधीश को भेजा। आरोपी ने बताया कि संदीप ने उससे मारपीट की थी जिसकी रिपोर्ट प्रयागराज जिले के बारा थाने में की गई थी, लेकिन कार्रवाई न होने से वह संतुष्ट नहीं था। इसी कारण उसने यह साजिश रची।

पुलिस का बयान

रीवा एसपी विवेक सिंह ने कहा –
“न्यायाधीश को धमकी मिलने का मामला गंभीर था। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की और आरोपी देवराज सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिले हैं और उसे न्यायालय में पेश कर दिया गया है।”

बड़ा सवाल

यह मामला न्यायपालिका की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़ा करता है। निजी रंजिश में आरोपी ने निर्दोष व्यक्ति को फंसाने के लिए ऐसा कदम उठाया, जिससे न्याय व्यवस्था भी प्रभावित हो सकती थीं

Advertisement

Leave a Comment

error: Content is protected !!