14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजे गए एक्टर आशीष कपूर, दुष्कर्म का है आरोप
नई दिल्ली। टेलीविजन अभिनेता आशीष कपूर दुष्कर्म मामले में अब 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में रहेंगे। दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट ने रविवार को यह आदेश सुनाते हुए उन्हें जेल भेज दिया। जुडिशियल मजिस्ट्रेट फर्स्ट क्लास पायल सिंघल ने यह फैसला सुनाया।
दिल्ली पुलिस ने आशीष कपूर को 2 सितंबर को पुणे से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद 3 सितंबर को कोर्ट ने उन्हें चार दिनों की पुलिस हिरासत में भेजा था, जो 7 सितंबर को समाप्त होनी थी। हालांकि पुलिस ने उनकी हिरासत खत्म होने से एक दिन पहले ही यानी 6 सितंबर को उन्हें कोर्ट में पेश कर दिया, जिसके बाद न्यायिक हिरासत का आदेश पारित हुआ।
यह पूरा मामला दिल्ली की एक महिला की शिकायत पर दर्ज हुआ है। महिला ने आरोप लगाया कि उसे आशीष कपूर के पड़ोस में आयोजित एक पार्टी में बुलाया गया था। पार्टी के दौरान उसे कुछ ऐसा पेय पदार्थ पिलाया गया, जिससे वह बेहोश हो गई। इसके बाद उसे वॉशरूम में ले जाकर दुष्कर्म किया गया।
शुरुआत में महिला ने सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया था, लेकिन बाद में उसने अपना बयान बदलकर केवल अभिनेता आशीष कपूर पर दुष्कर्म का आरोप लगाया। इसी शिकायत के आधार पर दिल्ली पुलिस ने 11 अगस्त को एफआईआर दर्ज की थी।
फिलहाल कोर्ट के आदेश के बाद आशीष कपूर को तिहाड़ जेल भेजा गया है। मामले की आगे की सुनवाई निर्धारित तारीख पर होगी।








