???? टॉपर्स को मिलेगा उड़ान का तोहफ़ा – 7,832 विद्यार्थियों को आज सीएम देंगे स्कूटी
-बालिकाओं के खातों में 68 करोड़
-स्कूटी वितरण से चमकेगा टॉपर्स का भविष्य
भोपाल।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरुवार को राजधानी भोपाल स्थित कुशाभाऊ इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में 12वीं कक्षा के 7,832 टॉपर विद्यार्थियों को स्कूटी प्रदान करेंगे। यह आयोजन सुबह 11 बजे से शुरू होगा। इस दौरान कई वरिष्ठ मंत्री भी उपस्थित रहेंगे।
निःशुल्क ई-स्कूटी/आईसीईएस योजना का लाभ
यह वितरण निःशुल्क ई-स्कूटी/आईसीईएस योजना के अंतर्गत होगा, जो शैक्षणिक सत्र 2022-23 से संचालित की जा रही है। योजना के तहत प्रत्येक शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल का टॉपर विद्यार्थी स्कूटी प्राप्त करता है। सहशिक्षा विद्यालयों में एक टॉपर बालक और एक टॉपर बालिका दोनों को लाभ देने का प्रावधान है।
सेनिटेशन एवं हाइजीन के लिए 61 करोड़ ट्रांसफर
मुख्यमंत्री कार्यक्रम में समग्र शिक्षा की सेनिटेशन एवं हाइजीन योजना के अंतर्गत 20 लाख 37 हजार 439 छात्राओं के बैंक खातों में लगभग 61 करोड़ रुपये सीधे ट्रांसफर करेंगे। इस योजना में प्रत्येक छात्रा को प्रतिवर्ष 300 रुपये स्वास्थ्य व स्वच्छता के लिए दिए जाते हैं।
20,100 बालिकाओं को मिलेगा 7 करोड़ का स्टायपंड
कार्यक्रम के दौरान कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय स्टायपंड योजना के तहत 20,100 छात्राओं के खातों में 7 करोड़ रुपये की राशि भी हस्तांतरित की जाएगी। इस योजना में छात्रावास में रहने वाली प्रत्येक बालिका को 3,400 रुपये प्रतिवर्ष दिए जाते हैं।
लाइव प्रसारण की व्यवस्था
स्कूल शिक्षा विभाग और जनसंपर्क विभाग द्वारा इस पूरे कार्यक्रम का सीधा प्रसारण एनआईसी वेबकास्ट और सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर किया जाएगा।








