Re. No. MP-47–0010301

???? सीधी-सिंगरौली एनएच-39 पर भीषण सड़क हादसा

???? सीधी-सिंगरौली एनएच-39 पर भीषण सड़क हादसा

मुख्यमंत्री कार्यक्रम स्थल के पास बोलेरो-ट्रक भिड़ंत, 3 की मौत, 3 गंभीर

सीधी, 18 सितम्बर।
सीधी-सिंगरौली नेशनल हाईवे 39 पर गुरुवार शाम बड़ा सड़क हादसा हो गया। यह दुर्घटना मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल, बाहरी थाना क्षेत्र अंतर्गत बहरी बाईपास के पास हुई। यहां सड़क किनारे खड़े टेंट सामग्री से लदे ट्रक में तेज रफ्तार बोलेरो पीछे से जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि बोलेरो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वाहन सवार लोग उसमें फंस गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक (क्रमांक MP19 HG 5263) बहरी बाईपास पर सड़क किनारे खड़ा था, तभी बोलेरो (क्रमांक MP53 CA 7294) तेज रफ्तार में आकर पीछे से भिड़ गई। बोलेरो में सवार सभी लोग सीधी जिले के ही जयसवाल परिवार के बताए जा रहे हैं।

???? हादसे का परिणाम

  • हादसे में तीन लोगों की मौके पर मौत होने की खबर है, हालांकि प्रशासन की आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।
  • बोलेरो में सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें जिला अस्पताल सीधी लाया गया।
  • घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें रीवा के संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल रेफर किया गया है।

???? प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया।

सीधी के सांसद डॉ. राजेश मिश्रा तुरंत जिला चिकित्सालय पहुंचे और चिकित्सकों से चर्चा कर घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था कराई। उन्होंने घायलों को रीवा रेफर करवाया। सांसद ने कहा –

“ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों को यह असहनीय दुख सहने की शक्ति प्रदान करें। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूँ।”

इस दौरान सिहावल विधायक विश्वामित्र पाठक और भाजपा जिलाध्यक्ष देवकुमार समेत अन्य कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

वहीं पूर्व मंत्री और विधायक कमलेश्वर पटेल भी अस्पताल पहुंचे और घायलों से मुलाकात की। उन्होंने कहा –

“बहरी (सीधी) में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की तैयारी से जुड़े वाहन का दुर्घटनाग्रस्त होना अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। हादसे में 3 लोगों की मृत्यु हो गई तथा 3 गंभीर रूप से घायल हुए, जिन्हें तत्काल रीवा रेफर कराया गया। स्थिति अत्यंत चिंताजनक है।”

???? खराब सड़कों पर उठे सवाल

हादसे के बाद क्षेत्र की सड़कों की हालत पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। कमलेश्वर पटेल ने आरोप लगाया कि सीधी–सिंगरौली क्षेत्र में खराब सड़कों और अव्यवस्थित ट्रैफ़िक के कारण आए दिन दुर्घटनाएँ हो रही हैं, लेकिन प्रशासन और सरकार मूकदर्शक बनी हुई है।

उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि –

  • मृतकों के परिजनों को 50-50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाए।
  • घायलों के इलाज की संपूर्ण व्यवस्था कर उन्हें 25-25 लाख रुपये की आर्थिक मदद दी जाए।
  • क्षेत्र की जर्जर सड़कों का तत्काल सुधार कर नई सड़कों का निर्माण कराया जाए।

Leave a Comment

error: Content is protected !!