Re. No. MP-47–0010301

सतना जीएसटी टीम का सीधी में छापा बत्रा ट्रांसपोर्ट के दस्तावेजों की गहन जांच जारी

सतना जीएसटी टीम का सीधी में छापा बत्रा ट्रांसपोर्ट के दस्तावेजों की गहन जांच जारी

सीधी 24 न्यूज। सीधी शहर में शनिवार सुबह उस समय हलचल मच गई जब सतना से पहुंची जीएसटी विभाग की तीन सदस्यीय टीम ने बत्रा ट्रांसपोर्ट कंपनी में छापेमारी की। टीम ने सुबह से ही ट्रांसपोर्ट के दफ्तर और गोदाम में मौजूद दस्तावेजों की बारीकी से जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 8 बजे बत्रा ट्रांसपोर्ट पर तीन ट्रकों का माल उतारा जा रहा था। उसी दौरान सतना जीएसटी टीम ने मौके पर पहुंचकर कागजातों और बिलिंग रिकॉर्ड की जांच-पड़ताल शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि टीम को जीएसटी चोरी या बिलिंग गड़बड़ी से जुड़े कुछ दस्तावेजों की तलाश है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टीम के सदस्य सुबह से ही ट्रांसपोर्ट कार्यालय के अंदर बैठे हैं और लगातार फाइलों, बिलों और लेनदेन के रजिस्टरों की जांच कर रहे हैं। किसी बाहरी व्यक्ति को परिसर में जाने की अनुमति नहीं दी गई है।

फिलहाल कार्रवाई जारी है और टीम की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है। सूत्रों के अनुसार, जांच में अगर अनियमितता पाई गई तो कंपनी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की जा सकती है।

शहर में अचानक हुई इस छापेमारी से ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों में हड़कंप मचा हुआ है। कई व्यापारी दिनभर यह जानने के लिए बत्रा ट्रांसपोर्ट के बाहर जुटे रहे कि मामला आखिर क्या है।

फिलहाल जीएसटी विभाग की कार्रवाई जारी है, और जांच पूरी होने के बाद ही पूरी तस्वीर साफ हो पाएगी।

Advertisement

Leave a Comment

error: Content is protected !!