राष्ट्रीय एकता दिवस पर सरई में रन फॉर यूनिटी का आयोजन, तहसीलदार ने दिलाई एकता की शपथ
बिहारी लाल गुप्ता की रिपोर्ट,
सरई। देश की एकता, अखंडता एवं राष्ट्रीय समरसता के प्रतीक राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को सरई तहसील मुख्यालय में भव्य रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ तहसीलदार चंद्रशेखर मिश्रा एवं थाना प्रभारी सूरज सिंह के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य, छात्र-छात्राएँ, नगर परिषद के पार्षदगण, राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। रन फॉर यूनिटी का प्रारंभ थाना परिसर से हुआ, जो बावनदास चौराहा एवं रेलवे तिराहा होते हुए संपन्न हुआ। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों ने “एक भारत–श्रेष्ठ भारत” एवं “राष्ट्र की एकता हमारी शक्ति” जैसे नारों से वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। दौड़ के पश्चात तहसीलदार चंद्रशेखर मिश्रा ने उपस्थित सभी जनों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई, जिसमें राष्ट्र की अखंडता, सुरक्षा एवं विकास के प्रति समर्पित रहने का संकल्प लिया गया। इस दौरान प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति-पत्र एवं शील्ड देकर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में पुलिस विभाग, नगर परिषद तथा शिक्षा संस्थानों का उल्लेखनीय सहयोग रहा। इस अवसर पर तहसीलदार ने कहा कि “राष्ट्र की शक्ति उसकी एकता में निहित है, जब देशवासी एक सूत्र में बंधे रहते हैं तो कोई भी शक्ति भारत की प्रगति को रोक नहीं सकती।” राष्ट्रप्रेम और एकता के इस आयोजन ने सरई क्षेत्र में देशभक्ति की नई ऊर्जा का संचार किया।








