राष्ट्रीय एकता दिवस पर भुईमाड़ में रन फॉर यूनिटी का आयोजन, देशभक्ति के नारों से गूंजा गांव
बिहारी लाल गुप्ता की रिपोर्ट
भुईमाड़। देश की एकता, अखंडता एवं राष्ट्रीय समरसता के प्रतीक राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को हायर सेकंडरी स्कूल भुईमाड़ में भव्य रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ थाना प्रभारी डी.डी. सिंह के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक, छात्र-छात्राएँ, अधिकारी एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और उत्साहपूर्वक सहभागिता की। रन फॉर यूनिटी का शुभारंभ विद्यालय परिसर से हुआ, जो भुईमाड़ चौराहा होते हुए कठौतिया मार्ग तक पहुंचा और पुनः विद्यालय परिसर में संपन्न हुआ। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों ने “एक भारत–श्रेष्ठ भारत” और “राष्ट्र की एकता हमारी शक्ति” जैसे जोशीले नारों से वातावरण को देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत कर दिया। दौड़ के समापन उपरांत थाना प्रभारी डी.डी. सिंह ने उपस्थित जनसमूह को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई, जिसमें राष्ट्र की अखंडता, सुरक्षा और विकास के लिए सदैव समर्पित रहने का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा —
“भारत की शक्ति उसकी एकता में निहित है। जब हम सब एकजुट होकर देश के हित में कार्य करते हैं, तभी राष्ट्र प्रगति और समृद्धि के मार्ग पर अग्रसर होता है।” कार्यक्रम के सफल संचालन में विद्यालय परिवार, पुलिस बल एवं ग्रामवासियों का सराहनीय सहयोग रहा। आयोजन ने भुईमाड़ क्षेत्र में राष्ट्रीय चेतना और देशभक्ति की नई अलख जगाई। इस मौके पर सहायक उपनिरीक्षक गोपाल सिंह,प्रधान आरक्षक राजीव यादव, आरक्षक दयाराम प्रजापति,अभिषेक गहरवार,शिक्षक धर्मेंद्र सिंह, श्याम कार्तिक साहू,भीमलाल विश्वकर्मा सहित छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।








