Re. No. MP-47–0010301

अमहिया सोंधिया में जुताई के दौरान ट्रैक्टर पलटने से युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम

अमहिया सोंधिया में जुताई के दौरान ट्रैक्टर पलटने से युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम

सीधी 24 न्यूज़, सीधी

सीधी। जिले के मड़वास थाना क्षेत्र के अमहिया सोंधिया गांव में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। खेत की जुताई करते समय ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे चालक उसकी चपेट में आ गया और मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पर ग्रामीणों की भारी भीड़ खेत में जमा हो गई।

मृतक की पहचान गब्बूचंद उर्फ बाबूलाल साहू (30) पिता जगदीश साहू, निवासी सोंधिया के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, बाबूलाल रोज की तरह सुबह अमहा गांव के खेत में ट्रैक्टर चलाने गया था। जुताई के दौरान अचानक ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और वह पलटकर सीधे चालक के ऊपर जा गिरा। इससे बाबूलाल बुरी तरह दब गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मड़वास थाना पुलिस टीम मौके पर पहुँची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के घर में मातम पसरा हुआ है और परिजन गहरे सदमे में हैं।

पुलिस ने बताया कि प्राथमिक जांच में ट्रैक्टर के अनियंत्रित होने को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है। विस्तृत जांच जारी है।
ग्रामीणों ने खेतों में मशीनरी का संचालन करते समय अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की, ताकि ऐसे हादसे दोबारा न हों।

Leave a Comment

error: Content is protected !!