हायर सेकंडरी स्कूल जूरी के नवीन भवन का विधायक ने किया लोकार्पण

कुसमी।
सीधी जिले के कुसमी विकासखंड अंतर्गत जरी हायर सेकंडरी स्कूल के नवीन भवन का लोकार्पण शुक्रवार को क्षेत्रीय विधायक कुंवर सिंह टेकाम द्वारा किया गया। लगभग 310 लाख रुपये की लागत से निर्मित यह नया भवन ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
लोकार्पण कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य हीराबाई सिंह, जनपद सदस्य भानूप्रताप सिंह, तथा जूरी सरपंच अनीता सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता सरपंच अनीता सिंह ने की। विधायक ने फीता काटकर विद्यालय के नवीन भवन को विद्यार्थियों को समर्पित किया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

विधायक ने बच्चों और शिक्षकों का उत्साह बढ़ाया
सभा को संबोधित करते हुए धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा का स्तर लगातार मजबूत हो रहा है, और सरकार शिक्षा के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य की कुंजी है, और आज के बच्चे ही कल का भविष्य तय करेंगे।
विधायक ने विद्यालय के शिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों की प्रतिभा को निखारने और उनका आत्मविश्वास बढ़ाने में शिक्षकों की अहम भूमिका रहती है। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित कर उनका मनोबल बढ़ाया।
नई सुविधाओं से लैस इस नवीन भवन के लोकार्पण से क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलने की उम्मीद है।








