Re. No. MP-47–0010301

नशे में तेज रफ्तार का कहर: तिलवारी मोड़ पर बोलेरो पलटी, चालक गंभीर घायल

सीधी।
सीधी-मझौली मुख्य मार्ग पर तिलवारी के पास मंगलवार शाम एक बोलेरो वाहन के अनियंत्रित होकर पलट जाने से बड़ा हादसा हो गया। दुर्घटना में वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना डायल 112 को दी, जिस पर मझौली थाना पुलिस मौके पर पहुँची और घायल को अस्पताल पहुंचाया।

घायल युवक की पहचान मझौली निवासी डियर गुप्ता के रूप में हुई है। बोलेरो वाहन उसके पिता बंटा गुप्ता के नाम पर पंजीकृत है, जिन्हें क्षेत्र में ‘बंटा बैट्री वाले’ के नाम से जाना जाता है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय डियर गुप्ता तेज रफ्तार में था और शराब के नशे में वाहन चला रहा था। नियंत्रण खोने के कारण बोलेरो सड़क किनारे पलट गई।

दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने काफी मशक्कत के बाद युवक को वाहन के नीचे से बाहर निकाला। डायल 112 टीम द्वारा उसे तत्काल मझौली अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने बताया कि युवक को गंभीर चोटें आई हैं, हालांकि उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

मामले पर मझौली थाना प्रभारी विशाल शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया है। प्रारंभिक जांच में यह मामला नशे में वाहन चलाने का प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है और यातायात नियमों के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement

Leave a Comment

error: Content is protected !!