सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने SIR अभियान की समीक्षा की, अधिकारियों को दिए पारदर्शिता के निर्देश
सीधी।
लोकसभा सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने बुधवार को सीधी स्थित सांसद कार्यालय में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) अभियान को लेकर महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में सांसद ने अधिकारियों और संबंधित प्रतिनिधियों से अभियान की प्रगति की जानकारी प्राप्त की तथा सभी प्रक्रियाओं को पूर्ण पारदर्शिता और सतर्कता के साथ संचालित करने के निर्देश दिए।
सांसद डॉ. मिश्रा ने कहा कि SIR अभियान का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को अद्यतन, त्रुटिरहित और पूर्ण बनाना है। इसके लिए प्रत्येक वार्ड और क्षेत्र से प्राप्त होने वाली रिपोर्ट बिंदुवार, तथ्यात्मक और समयसीमा के भीतर तैयार की जानी चाहिए। उन्होंने घर-घर सत्यापन, नए मतदाताओं के नाम जोड़ने तथा आवश्यक संशोधनों के कार्य को गंभीरता से करने पर जोर दिया।
कॉल सेंटर की व्यवस्था की भी समीक्षा
बैठक में SIR अभियान के तहत संचालित कॉल सेंटर के प्रभारी सुनील पांडे भी उपस्थित रहे। सांसद ने कॉल सेंटर की कार्यप्रणाली, प्राप्त शिकायतों, सुझावों और उनके निराकरण की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कॉल सेंटर क्षेत्रीय स्तर पर बेहतर समन्वय स्थापित करे, जिससे हर शिकायत का त्वरित समाधान संभव हो सके।
अभियान से जुड़े जिम्मेदारों को मिली जिम्मेदारी
समीक्षा बैठक में SIR जिला संयोजक डॉ. देवेंद्र त्रिपाठी, चंदन मिश्र, कौशलेंद्र सिंह, तुषार द्विवेदी और अंश द्विवेदी उपस्थित रहे। सांसद ने सभी सदस्यों से कहा कि अभियान अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए इसे पूर्ण निष्ठा, जिम्मेदारी और निष्पक्षता के साथ संचालित करना आवश्यक है।
सांसद डॉ. मिश्रा ने उम्मीद जताई कि सभी जिम्मेदार अधिकारी और प्रतिनिधि मिलकर SIR अभियान को सफल बनाते हुए मतदाता सूची को सटीक और अद्यतन रूप में तैयार करेंगे।








