एमपी में ट्रेन से उतरते ही मालगाड़ी की चपेट में आए यात्री
जबलपुर में दर्दनाक हादसा, एक महिला की मौत, 5 घायल
जबलपुर। मदनमहल रेलवे स्टेशन पर बीती रात बड़ा हादसा हो गया, जिसमें एक महिला की मौत हो गई जबकि तीन महिलाओं समेत तीन बच्चे गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना उस समय हुई जब भोपाल से जबलपुर पहुंची जनशताब्दी एक्सप्रेस से उतरे यात्री फुटओवर ब्रिज का उपयोग करने के बजाय सीधे पटरियों को पार करने लगे। इसी दौरान अचानक सामने आई मालगाड़ी की चपेट में छह लोग आ गए।
महिला की मौके पर मौत, बच्चे गंभीर
जीआरपी के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाली महिला की पहचान 30 वर्षीय पुष्पा सोनी निवासी जबलपुर के रूप में हुई है। वह पश्चिम मध्य रेलवे के लॉन्ड्री विभाग में कार्यरत थीं।
घायलों में शिवानी पटेल (22) निवासी नरसिंहपुर, नन्ही बाई (40) निवासी नरसिंहपुर, चार वर्षीय रीति पटेल, दो वर्षीय इंद्रजीत पटेल सहित एक चार वर्षीय अज्ञात बच्चे को गंभीर चोटें आई हैं। अत्यधिक गंभीर स्थिति में अज्ञात बच्चे को मेडिकल कॉलेज के न्यूरो सर्जरी विभाग में भर्ती किया गया है।
सभी घायलों को स्टेशन स्टाफ और वेंडरों की मदद से तत्काल पटरियों से हटाकर प्लेटफार्म पर लाया गया और ऑटो के जरिए नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
चीख-पुकार से दहला स्टेशन
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रात करीब 10 बजकर 58 मिनट पर जोरदार आवाज और चीखें सुनाई दीं। देखने पर पाया गया कि महिलाएं और बच्चे मालगाड़ी की चपेट में आने के बाद पटरी के बीच गिरे हुए थे। स्टेशन के एक वेंडर ने तत्काल गार्ड्स को सूचना दी और अन्य कर्मचारियों की मदद से राहत कार्य शुरू किया।
RPF, GRP और पुलिस ने संभाला मोर्चा
हादसे की जानकारी मिलते ही रेलवे अस्पताल की एम्बुलेंस, RPF, GRP और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों में एडिशनल एसपी सिटी आयुष गुप्ता, एडिशनल एसपी सिटी जोन-2 पल्लवी शुक्ला, कोतवाली सीएसपी रितेश कुमार शिव, गढ़ा सीएसपी आशीष जैन तथा एसडीएम मौजूद रहे। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच प्रारंभ कर दी है।








