गोरा में 24 घंटे का अखंड श्री दुर्गा चालीसा पाठ, समापन बेला पर सौरभ द्विवेदी के विशेष उपस्थिति में निकलेगी भव्य जन-जागरण वाहन रैली व कार्यक्रम का होगा भव्य समापन
बिहारी लाल गुप्ता की रिपोर्ट,
सरई। भगवती मानव कल्याण संगठन शाखा सिंगरौली तहसील सरई के द्वारा ग्राम पंचायत क्षेत्र गोरा, जंगल चौकी के पास, तहसील सरई में दो दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान अखंड श्री दुर्गा चालीसा अखंड पाठ का भव्य आयोजन होने जा रहा है। यह आयोजन 11 दिसम्बर 2025 दिन गुरुवार दोपहर 1 बजे से प्रारंभ होकर 12 दिसम्बर 2025 दिन शुक्रवार दोपहर 1 बजे तक सतत 24 घंटे तक चलेगा। कार्यक्रम में कार्यकर्ता व भक्त जन माँ दुर्गा की आराधना, धर्ममय वातावरण का लाभ प्राप्त करेंगे। बताया गया कि धर्मसम्राट युग चेतना पुरुष सद्गुरुदेव परमहंस योगीराज श्री शक्तिपुत्र जी महाराज के निर्देशन में भगवती मानव कल्याण संगठन द्वारा देशभर में आध्यात्मिक कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इन्हीं के क्रम में ग्राम गोरा में अखंड श्री दुर्गाचालीसा पाठ का आयोजन निर्धारित है। संगठन के सदस्यों ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य जन-जन में सद्भावना, धर्मप्रेम, सामाजिक समरसता एवं सकारात्मक जीवन मूल्यों का प्रसार करना है। कार्यक्रम की विशेषता यह रहेगी कि समापन बेला पर संगठन के केंद्रीय महासचिव सिद्धाश्रम रत्न सौरभ द्विवेदी जी (अनूप भैया) का शुभ आगमन 12 दिसम्बर को होगा, जहां वे उपस्थित श्रद्धालुओं का मार्गदर्शन करेंगे। आयोजन में स्थानीय ग्रामवासियों एवं आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं को बड़े स्तर पर शामिल होने का आग्रह किया गया है। केंद्रीय कार्यालय भगवती मानव कल्याण संगठन पंचज्योति शक्तितीर्थ सिद्धाश्रम, व्यौहारी (शहडोल) से जारी अपील में बताया गया कि यह कार्यक्रम सामाजिक शुचिता, शांति एवं उन्नति की प्रेरणा देगा। आयोजकों ने सभी धर्मप्रेमी नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे परिवार सहित भाग लेकर धर्मलाभ प्राप्त करें और कार्यक्रम को सफल बनाएं।
समापन दिवस पर भव्य जन-जागरण वाहन रैली
12 दिसंबर, शुक्रवार की सुबह 10:00 बजे से एक विशाल जन-जागरण वाहन रैली भी निकाली जाएगी।
रैली माँ धनौजा मंदिर से प्रारंभ होकर सरई मार्केट होते हुए कार्यक्रम स्थल ग्राम गोरा तक पहुँचेगी। इस रैली में भी सिद्धाश्रम रत्न सौरभ द्विवेदी जी (अनूप भैया) की विशेष उपस्थिति रहेगी, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साह एवं आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार होगा।








