Re. No. MP-47–0010301

सीधी के दीर्घकालीन विकास की दिशा तय करने पहली जिला विकास एवं सलाहकार समिति बैठक

सीधी के दीर्घकालीन विकास की दिशा तय करने पहली जिला विकास एवं सलाहकार समिति बैठक

सीधी:प्रदेश के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री दिलीप जायसवाल की अध्यक्षता में जिला विकास एवं सलाहकार समिति की प्रथम बैठक सकारात्मक और विकासोन्मुख वातावरण में संपन्न हुई। बैठक में सीधी जिले के समग्र, संतुलित और दीर्घकालीन विकास को लेकर विस्तृत मंथन किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री श्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि जिला विकास एवं सलाहकार समिति जिले के समग्र विकास की धुरी बनेगी। यह समिति केवल समस्याओं की पहचान तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि जिले की आवश्यकताओं, संसाधनों और संभावनाओं के आधार पर दूरदर्शी एवं व्यावहारिक विकास कार्ययोजना तैयार करेगी। उन्होंने कहा कि समिति वर्तमान के साथ-साथ भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकास के नए आयाम स्थापित करेगी।

प्रभारी मंत्री ने समिति सदस्यों से आह्वान किया कि वे जमीनी स्तर की वास्तविक समस्याओं को तथ्यों के साथ बैठक में रखें और उनके ठोस व व्यवहारिक समाधान भी सुझाएं। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि जनप्रतिनिधियों, समाज के अनुभवी नागरिकों और विशेषज्ञों के सुझावों को नीति निर्धारण में गंभीरता से शामिल किया जाए, ताकि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के दौरान सीधी जिले सहित पूरे प्रदेश में विकास कार्यों को अभूतपूर्व गति मिली है। अधोसंरचना, उद्योग, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास के क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। प्रत्येक जिले की अपनी विशिष्ट पहचान और संभावनाएं होती हैं, इसी के अनुरूप जिले-विशेष की विकास योजना बनाई जाएगी, ताकि विकास की प्रक्रिया समावेशी और संतुलित हो।

पर्यावरण संरक्षण के साथ विकास को जरूरी बताते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि विकास ऐसा होना चाहिए जो टिकाऊ हो और आने वाली पीढ़ियों के लिए भी लाभकारी सिद्ध हो। उन्होंने समिति के वरिष्ठ और अनुभवी सदस्यों से नवाचारपूर्ण सुझाव देने की अपेक्षा जताई।

विधायक सीधी श्रीमती रीती पाठक ने कहा कि जिला विकास एवं सलाहकार समिति जिले के समग्र विकास के लिए एक सशक्त और प्रभावी मंच सिद्ध होगी। उन्होंने सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और ग्रामीण विकास के क्षेत्रों में हुए कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि शासन की योजनाएं अब प्रभावी रूप से आम नागरिकों तक पहुंच रही हैं। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और समाज के विभिन्न वर्गों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया।

कलेक्टर श्री स्वरोचिष सोमवंशी ने समिति के गठन के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए बताया कि यह समिति जिले की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्ययोजना तैयार करेगी। समिति कौशल विकास को बढ़ावा देने, लोकल फॉर वोकल को सशक्त करने, रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर सृजित करने तथा शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और निगरानी में अहम भूमिका निभाएगी।

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मंजू सिंह, जनपद पंचायत अध्यक्ष कुसमी श्रीमती श्यामवती सिंह, जनपद पंचायत अध्यक्ष मझौली श्रीमती सुनैना सिंह सहित समिति के सदस्य उपस्थित रहे। साथ ही पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कोरी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री शैलेन्द्र सिंह सोलंकी, अपर कलेक्टर श्री बी.पी. पाण्डेय सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

Leave a Comment

error: Content is protected !!