Re. No. MP-47–0010301

प्रशासनिक भूचाल: 11 आईएएस अफसरों का तबादला, 6 जिलों के कलेक्टर बदले

 प्रशासनिक भूचाल: 11 आईएएस अफसरों का तबादला, 6 जिलों के कलेक्टर बदले

रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा और व्यापक फेरबदल करते हुए 11 आईएएस अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। इस फैसले के तहत प्रदेश के 6 महत्वपूर्ण जिलों के कलेक्टर बदल दिए गए हैं। सरगुजा, कोरबा, दंतेवाड़ा, सुकमा, बेमेतरा और नारायणपुर में नए कलेक्टरों की नियुक्ति की गई है, जिससे प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।

जारी आदेश के अनुसार कलेक्टर भोसकर विलास संदिपान को अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अब तक कोरबा जिले के कलेक्टर रहे अजीत वसंत को अस्थायी रूप से सरगुजा जिले का नया कलेक्टर बनाया गया है। वहीं दंतेवाड़ा में पदस्थ कुणाल दुदावत को स्थानांतरित कर कोरबा जिले का कलेक्टर नियुक्त किया गया है। सुकमा के कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव को नई जिम्मेदारी देते हुए दंतेवाड़ा का कलेक्टर बनाया गया है।

बेमेतरा और नारायणपुर जिले में भी प्रशासनिक बदलाव किया गया है। प्रतिष्ठा ममगाई को नारायणपुर से स्थानांतरित कर बेमेतरा का कलेक्टर नियुक्त किया गया है, जबकि रायपुर में पदस्थ नम्रता जैन को नारायणपुर जिले की नई कलेक्टर की जिम्मेदारी दी गई है। इसके साथ ही नगर निगम बिलासपुर के आयुक्त अमित कुमार को सुकमा जिले का कलेक्टर बनाया गया है।

नगर निगम बिलासपुर में भी नेतृत्व बदला गया है। अमित कुमार के स्थान पर प्रकाश कुमार सर्वे को नगर निगम बिलासपुर का नया आयुक्त नियुक्त किया गया है।

स्वास्थ्य विभाग में भी महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। बेमेतरा के कलेक्टर रहे रणबीर शर्मा को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन का प्रबंध संचालक नियुक्त किया गया है। उनके पदभार संभालने के बाद संजीव कुमार झा को एनएचएम के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है।

इसके अलावा गजेन्द्र सिंह ठाकुर को जिला पंचायत धमतरी का मुख्य कार्यपालन अधिकारी बनाया गया है, जबकि रोमा श्रीवास्तव को जिला पंचायत धमतरी से स्थानांतरित कर मंत्रालय में उप सचिव पद पर पदस्थ किया गया है।

इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल को शासन की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी, तेज और जवाबदेह बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

अधिकारियों के नाम नई पदस्थापना
भोसकर विलास संदिपान अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़
रणबीर शर्मा प्रबंध संचालक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन
अजीत वसंत कलेक्टर, सरगुजा
कुणाल दुदावत कलेक्टर, कोरबा
देवेश कुमार ध्रुव कलेक्टर, दंतेवाड़ा
प्रतिष्ठा ममगाई कलेक्टर, बेमेतरा
नम्रता जैन कलेक्टर, नारायणपुर
अमित कुमार कलेक्टर, सुकमा
प्रकाश कुमार सर्वे आयुक्त, नगर निगम बिलासपुर
गजेन्द्र सिंह ठाकुर मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत धमतरी
रोमा श्रीवास्तव उप सचिव, मंत्रालय

Advertisement

Leave a Comment

error: Content is protected !!