नाबालिग से दुष्कर्म का मामला: छत्तीसगढ़ से मुख्य आरोपी सहित दो गिरफ्तार
सीधी, 21 दिसंबर।
थाना कुसमी क्षेत्र अंतर्गत एक नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म के गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़िता ने 24 नवंबर 2025 को थाना उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पीड़िता ने बताया कि 10 नवंबर 2025 को वह अपने रिश्ते की नानी के घर ग्राम लड़ेरी गई थी, जहां वह कुछ दिनों तक रुकी। इसके बाद 16 नवंबर को नानी उसे लेकर ग्राम नेजर (जिला कोटाडोल, छत्तीसगढ़) ले गई, जहां उसे पुराने ससुराल पक्ष के घर छोड़ दिया गया।
पीड़िता के अनुसार, वहां रहते हुए नानी का लड़का लल्लू उर्फ इन्द्रजीत सिंह गौड़ द्वारा 20 नवंबर 2025 तक लगातार रात्रि में जबरन दुष्कर्म किया गया। बाद में 20 नवंबर को पीड़िता की मौसी और छोटा नाना वहां पहुंचे और उसे वापस कुसमी लाए। घर लौटने के बाद पीड़िता ने पूरी घटना अपनी मां को बताई, जिसके पश्चात वह मां के साथ थाने पहुंची।
मामले में चौकी प्रभारी पत्थरौला द्वारा अपराध क्रमांक 197/2025 दर्ज किया गया। आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2), 64(2)(एम), 64(2)(एफ), 61(2) बीएनएस एवं पॉक्सो एक्ट की धारा 5/6 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा एसडीओपी कुसमी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक अरुणा द्विवेदी के नेतृत्व में टीम गठित की गई। साइबर सेल की सहायता से आरोपियों की लोकेशन ट्रेस कर छत्तीसगढ़ के ग्राम नेजर, थाना कोटाडोल, जिला एमसीबी से मुख्य आरोपी इन्द्रजीत सिंह गौड़ उर्फ लल्लू पिता हरिनाम सिंह गौड़ (उम्र 24 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया।
इसके अलावा प्रकरण में संलिप्त आरोपी मानवती सिंह पति जगन्नाथ सिंह (उम्र 44 वर्ष), निवासी ग्राम लड़ेरी, थाना कुसमी को भी गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक अरुणा द्विवेदी, सहायक उप निरीक्षक, प्रधान आरक्षक, आरक्षक तथा साइबर सेल स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।








