Re. No. MP-47–0010301

मप्र सुगम परिवहन योजना के लिए लोगो डिजाइन प्रतियोगिता, विजेता को 5 लाख का पुरस्कार

मप्र सुगम परिवहन योजना के लिए लोगो डिजाइन प्रतियोगिता, विजेता को 5 लाख का पुरस्कार

भोपाल- मध्यप्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा योजना के लिए आकर्षक और विशिष्ट पहचान तैयार करने के उद्देश्य से राज्य स्तरीय लोगो डिजाइन प्रतियोगिता शुरू की है। प्रतियोगिता का नाम “लेट्स क्रिएट अ लोगो” रखा गया है, जिसमें चयनित सर्वश्रेष्ठ लोगो को 5 लाख रुपये का प्रथम पुरस्कार दिया जाएगा।

यह निर्णय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में आयोजित मंत्रि-परिषद की बैठक में लिया गया था। योजना के तहत प्रदेश में सुरक्षित, सुलभ और आधुनिक बस परिवहन व्यवस्था विकसित करने के लिए मध्यप्रदेश यात्री परिवहन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड (एमपीवाईपीआईएल) का गठन किया गया है। इसी संस्था के माध्यम से लोगो प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है।

प्रतियोगिता में देशभर के कला संकाय के विद्यार्थी, फ्रीलांसर डिजाइनर, प्रोफेशनल कलाकार और डिजाइन एजेंसियां भाग ले सकती हैं। प्रतिभागियों को मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा योजना के उद्देश्य और भावना को दर्शाने वाला लोगो तैयार करना होगा। इसके साथ संस्कृत भाषा में एक उपयुक्त और अर्थपूर्ण टैगलाइन देना भी अनिवार्य किया गया है।

प्रतियोगिता में तीन श्रेष्ठ प्रविष्टियों को पुरस्कृत किया जाएगा। प्रथम पुरस्कार 5 लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार 2 लाख रुपये तथा तृतीय पुरस्कार 1 लाख रुपये रखा गया है।

इच्छुक प्रतिभागी अपना लोगो और टैगलाइन ई-मेल के माध्यम से 30 जनवरी 2026 को शाम 5 बजे तक भेज सकते हैं। प्रविष्टियां admin.mpypil@mp.gov.in पर भेजी जानी हैं। प्रतियोगिता से संबंधित विस्तृत नियम, शर्तें और दिशा-निर्देश परिवहन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट transport.mp.gov.in पर उपलब्ध हैं।

सरकार का मानना है कि इस प्रतियोगिता के माध्यम से सुगम परिवहन सेवा योजना को एक नई पहचान मिलेगी और प्रदेश की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

Advertisement

Leave a Comment

error: Content is protected !!