Re. No. MP-47–0010301

शिक्षा विभाग में करोड़ों का खेल, भोपाल ट्रेजरी ने फ्रीज किए दर्जनों बैंक खाते

शिक्षा विभाग में करोड़ों का खेल, भोपाल ट्रेजरी ने फ्रीज किए दर्जनों बैंक खाते

भोपाल/इंदौर।
मध्यप्रदेश के शिक्षा विभाग में बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आया है। विभागीय राशि का दुरुपयोग कर करोड़ों रुपए कर्मचारियों व उनके परिजनों के खातों में ट्रांसफर किए जाने का खुलासा होने के बाद भोपाल ट्रेजरी ने सख्त कदम उठाते हुए संबंधित बैंक खातों को फ्रीज कर दिया है। इस कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, इंदौर जिले के एक ब्लॉक शिक्षा कार्यालय से जुड़े इस मामले में वर्ष 2017 से सरकारी मदों की राशि को नियमों के विपरीत अन्य खातों में स्थानांतरित किया गया। जांच में सामने आया है कि लगभग 3 करोड़ रुपए से अधिक की राशि 150 से ज्यादा खातों में भेजी गई, जिनमें कर्मचारियों के रिश्तेदारों और परिचितों के खाते भी शामिल हैं।

भोपाल स्थित कोष एवं लेखा विभाग की प्रारंभिक जांच में अनियमितताओं की पुष्टि होने के बाद इन खातों को तत्काल प्रभाव से फ्रीज किया गया। अधिकारियों का कहना है कि बिना सक्षम अनुमति और नियमों के इतनी बड़ी राशि का ट्रांसफर संभव नहीं है, इसलिए पूरे प्रकरण की गहन जांच की जा रही है।

सूत्रों के मुताबिक, विभागीय मदों में बची राशि को फर्जी तरीके से अन्य खातों में डालकर बाद में निकासी कर ली गई। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस घोटाले में किन-किन अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका रही है।

कोष एवं लेखा आयुक्त कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी और सरकारी राशि की वसूली ब्याज सहित की जाएगी। वहीं शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों ने भी मामले को गंभीर मानते हुए आंतरिक जांच के निर्देश दिए हैं।

इस पूरे प्रकरण ने शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली और वित्तीय पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जांच पूरी होने के बाद और भी बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Comment

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This

error: Content is protected !!