सीधी:अवैध खनिज परिवहन पर प्रशासन का शिकंजा, संयुक्त कार्रवाई में 5 वाहन जब्त
सीधी।
जिले में अवैध खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी स्वरोचिष सोमवंशी तथा पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन में खनिज विभाग और पुलिस के संयुक्त दल ने अलग-अलग क्षेत्रों में छापामार कार्रवाई कर अवैध परिवहन में संलिप्त पांच वाहनों को जब्त किया है।

क्षेत्रीय उड़नदस्ता प्रभारी बसंत राम एवं जिला खनिज अधिकारी कपिल मुनि शुक्ला के नेतृत्व में गठित संयुक्त दल द्वारा बघवार, मड़वास, मझौली एवं कुसमी क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान खनिज रेत का अनाधिकृत परिवहन करते हुए तीन वाहन टाटा 407 क्रमांक MP53GA4365, MP53GA3875 तथा एक बिना नंबर का हाईवा पकड़ा गया। सभी वाहनों को नियमानुसार जब्त कर सुरक्षार्थ थाना मड़वास एवं पुलिस चौकी टिकरी में खड़ा कराया गया।
इसके अतिरिक्त एक अन्य बिना नंबर का हाईवा अवैध रूप से रेत का उत्खनन एवं परिवहन करते हुए पाए जाने पर जब्त कर थाना मड़वास में सुरक्षित रखा गया। वहीं छापामार कार्रवाई से वापसी के दौरान ग्राम जोगीपुर बायपास के पास एक बिना नंबर का हाईवा खनिज स्टोन डस्ट का अवैध परिवहन करते हुए पकड़ा गया, जिसे जब्त कर पुलिस थाना कोतवाली में सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया।
जब्त किए गए वाहनों के मालिकों एवं चालकों के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण का निवारण) नियम 2022 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर दंडात्मक कार्रवाई के लिए कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी सीधी के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। साथ ही जिन वाहनों पर नंबर प्लेट अंकित नहीं पाई गई, उनके विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई हेतु जिला परिवहन अधिकारी को पृथक से पत्र भेजा जाएगा।
खनिज विभाग एवं पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण की रोकथाम के लिए इस तरह की संयुक्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। इस कार्रवाई में प्रभारी खनि निरीक्षक शिशिर यादव, देवेंद्र महोबे सहित पुलिस बल एवं खनिज विभाग के कर्मचारियों की भूमिका सराहनीय रही। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।








