Re. No. MP-47–0010301

सीधी में निलंबित हुआ लापरवाह व शराबी पटवारी 

सीधी में निलंबित हुआ लापरवाह व शराबी पटवारी 

सीधी। कुसमी तहसील अंतर्गत खरबर एवं चिनगवाह हल्का के पटवारी विनोद कुमार दीवान को गंभीर अनुशासनहीनता एवं शासकीय कार्यों में लापरवाही के आरोपों में एसडीएम कुसमी विकाश कुमार आनंद द्वारा तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। कार्रवाई म.प्र. सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के नियम 9 के तहत की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 5 जनवरी 2026 को प्रातः 11 बजे एसडीएम कुसमी द्वारा साप्ताहिक राजस्व समीक्षा बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें सभी राजस्व निरीक्षकों एवं हल्का पटवारियों की सीएम हेल्पलाइन एवं फार्मर रजिस्ट्री कार्यों की पटवारीवार समीक्षा प्रस्तावित थी। उक्त बैठक में पटवारी विनोद कुमार दीवान बिना किसी पूर्व सूचना के अनुपस्थित रहे।

राजस्व निरीक्षक मंडल द्वारा दूरभाष पर संपर्क करने पर पटवारी ने बताया कि वह दुआरी चला गया है। इसके पश्चात बैठक समाप्त होने के लगभग चार घंटे बाद, अपरान्ह लगभग 4 बजे पटवारी एसडीएम कार्यालय पहुंचे, जहां उनके द्वारा शराब का सेवन किए जाने की बात स्वयं एसडीएम, नायब तहसीलदार एवं कार्यालयीन स्टाफ के समक्ष स्वीकार की गई। यह कृत्य शासकीय सेवा आचरण के प्रतिकूल पाया गया।

जांच में यह भी सामने आया कि पटवारी द्वारा सीएम हेल्पलाइन के निराकरण में लगातार लापरवाही बरती जा रही थी। खरबर एवं चिनगवाह हल्का अंतर्गत दर्ज अनेक शिकायतों में न तो संतोषप्रद उत्तर फीड किया गया और न ही शिकायतों के समयबद्ध निराकरण में कोई रुचि दिखाई गई। इससे आम नागरिकों को लंबे समय तक परेशानियों का सामना करना पड़ा।

फार्मर रजिस्ट्री के कार्य में भी स्थिति अत्यंत असंतोषजनक पाई गई। खरबर हल्का में कुल 486 बी-1 कृषकों में से केवल 227 कृषकों का ही पंजीयन किया गया, जिससे फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति मात्र 46.70 प्रतिशत रही। इसी प्रकार चिनगवाह हल्का में कुल 1033 कृषकों में से सिर्फ 221 कृषकों का पंजीयन किया गया, जो मात्र 21.39 प्रतिशत है, जबकि शेष सैकड़ों कृषकों का पंजीयन लंबे समय से लंबित पाया गया।

इन सभी गंभीर अनियमितताओं को लेकर पटवारी को पूर्व में कार्यालयीन पत्र क्रमांक 679/प्रवा0/2025 दिनांक 10.12.2025, पत्र क्रमांक 759/प्रवा0/2025 दिनांक 26.12.2025 एवं पत्र क्रमांक 801/प्रवा0/2026 दिनांक 06.01.2026 के माध्यम से विस्तृत नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया था। लेकिन प्रस्तुत जवाब असंतोषजनक पाए जाने पर सक्षम प्राधिकारी द्वारा कार्रवाई करते हुए पटवारी विनोद कुमार दीवान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय तहसील कुसमी नियत किया गया है।

एमपी में BPL कार्ड होंगे रद्द, लाखों अपात्रों पर गिरेगी गाज, नया सिस्टम लागू

Leave a Comment

error: Content is protected !!