BLO कर्तव्यों में लापरवाही पर शिक्षक को सोकाज नोटिस
मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य प्रभावित होने पर निर्वाचन अधिकारी ने जारी किया नोटिस
सीधी, 21 जनवरी 2026।
विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 77 सीधी के रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा प्राथमिक शाला कतरीकाड़ी में पदस्थ प्राथमिक शिक्षक अशोक सिंह को बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही बरतने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
कार्यालयीन आदेश दिनांक 24 दिसंबर 2025 के अनुसार संबंधित शिक्षक को मतदान केन्द्र क्रमांक 97, कतरीकाड़ी का बीएलओ नियुक्त किया गया था। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य समयबद्ध एवं अत्यंत महत्वपूर्ण होता है, लेकिन आदेश जारी होने के बाद भी संबंधित शिक्षक द्वारा न तो कार्यालय में उपस्थिति दर्ज कराई गई और न ही निर्वाचन कार्य प्रारंभ किया गया।
https://www.facebook.com/share/p/182CrgQAdh/
इस लापरवाही के चलते लगभग 20 दिनों तक मतदान केन्द्र से संबंधित कार्य प्रभावित रहा। नोटिस में इस कृत्य को घोर लापरवाही एवं कदाचरण मानते हुए मध्यप्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 का उल्लंघन बताया गया है।
निर्वाचन अधिकारी द्वारा संबंधित कर्मचारी को 24 घंटे के भीतर लिखित जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। समय-सीमा में संतोषजनक जवाब प्रस्तुत न किए जाने की स्थिति में उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही का प्रस्ताव कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी, सीधी को भेजा जाएगा।
https://sidhi24news.in/archives/28295









