एसडीएम गोपद बनास समेत 9 अधिकारियों को कलेक्टर ने थमाया नोटिस…
सीधी। सीधी जिला में जनगणना कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर सख्त रुख अपनाते हुए कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी विकास मिश्रा ने 9 चार्ज अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा है कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।https://sidhi24news.in/archives/29219
जानकारी के अनुसार जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत 1 मई से 30 मई 2026 तक मकान सूचीकरण एवं भवन गणना (एचएलबी) का कार्य किया जाना है। लेकिन 5 मई को पोर्टल की समीक्षा के दौरान पाया गया कि कई चार्ज क्षेत्रों में लक्ष्य के अनुरूप कार्य प्रारंभ ही नहीं किया गया, जिसे गंभीर लापरवाही माना गया।
जिन अधिकारियों को नोटिस जारी किया गया है, उनमें प्रभात बरकड़े (मुख्य नगर पालिका चार्ज मझौली), जयप्रकाश पांडेय (तहसीलदार चार्ज सिहावल), साक्षी गौतम (तहसीलदार चुरहट), इन्द्रभान सिंह (तहसीलदार बहरी), नारायण सिंह (तहसीलदार कुसमी), राकेश कुमार शुक्ल (तहसीलदार गोपद बनास), रामावतार पटेल (मुख्य नगर पालिका चार्ज चुरहट नगर पंचायत), आशीष कुमार मिश्रा (तहसीलदार रामपुर नैकिन) और दिलीप सिंह (तहसीलदार मझौली) शामिल हैं।
कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे तत्काल प्रभाव से अपने-अपने क्षेत्रों में मकान सूचीकरण कार्य शुरू कराना सुनिश्चित करें और उसी दिन शाम तक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करें। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि निर्धारित समयसीमा में कार्य प्रारंभ नहीं किया गया तो संबंधित अधिकारियों को यह स्पष्ट करना होगा कि उनके विरुद्ध दो वेतनवृद्धि रोकने की कार्रवाई क्यों न की जाए।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि समय पर संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया, तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध एकपक्षीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जनगणना कार्य से जुड़े सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि वे इस राष्ट्रीय दायित्व को गंभीरता, जवाबदेही और समयबद्धता के साथ पूर्ण करें।https://www.facebook.com/share/p/1D8fRnxiSz/








