संजय टाइगर रिजर्व में बड़ा रेस्क्यू, सूखे कुएं में गिरे भालू को सुरक्षित निकाला
सीधी। संजय टाइगर रिजर्व के चोभारी बफर रेंज अंतर्गत मजौली बीट के धनौली गांव में शुक्रवार सुबह एक भालू सूखे कुएं में गिर गया। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
https://www.facebook.com/share/v/1JcmKegzU7/
वन विभाग की टीम ने सुरक्षा के साथ कुएं में जाल और आवश्यक सामग्री पहुंचाई। भालू को बाहर निकालने के लिए टीम ने लगातार प्रयास किए। करीब तीन प्रयासों के बाद भालू को सुरक्षित कुएं से बाहर निकाल लिया गया।
रेस्क्यू के दौरान भालू को किसी तरह की चोट नहीं आई। बाहर निकालने के बाद वन विभाग की टीम ने उसका स्वास्थ्य परीक्षण कराया। इसके बाद भालू को सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ने की कार्रवाई की गई।
सफल रेस्क्यू अभियान के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग की तत्परता और टीम के प्रयासों की सराहना की।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि जंगल अथवा आसपास के क्षेत्र में खुले या सूखे कुएं मिलने पर उन्हें सुरक्षित तरीके से ढकें। वन्यजीव दिखाई देने पर स्वयं उसे पकड़ने या भगाने का प्रयास न करें और तत्काल वन विभाग को सूचना दें।









