Re. No. MP-47–0010301

आखिर कल सीधी आएंगे मुख्यमंत्री मोहन यादव

आखिर कल सीधी आएंगे मुख्यमंत्री मोहन यादव, 714 कार्यों की सौगात

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 9 जनवरी को बहरी आएंगे। 213 करोड़ के 714 विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास, प्रशासन व पुलिस पूरी तरह मुस्तैद।

सीधी। लंबे इंतजार और तीन बार कार्यक्रम निरस्त होने के बाद आखिरकार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का सीधी जिले के बहरी आगमन तय हो गया है। मुख्यमंत्री शुक्रवार 9 जनवरी 2026 को एक दिवसीय प्रवास पर बहरी पहुंचेंगे, जहां वे विभिन्न विभागों के हितग्राहियों के प्रशिक्षण सह उन्मुखीकरण कार्यक्रम में भाग लेंगे और जिले को बड़े पैमाने पर विकास कार्यों की सौगात देंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रीवा एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर द्वारा अपरान्ह 2 बजे बहरी पहुंचेंगे। कार्यक्रम स्थल पर वे कुल 21322.18 लाख रुपये की लागत से जुड़े 714 विकास एवं निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। इनमें 6801.40 लाख रुपये की लागत से 179 विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 13362.67 लाख रुपये की लागत से 30 विकास कार्यों का शिलान्यास शामिल है। इसके साथ ही ‘एक बगिया मां के नाम’ योजना के अंतर्गत 505 हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। बहरी में कार्यक्रम स्थल पर मंच, पंडाल, बैठक व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, प्राथमिक उपचार, स्वच्छता और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। बड़ी संख्या में आमजन के शामिल होने की संभावना को देखते हुए यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था को भी सुव्यवस्थित किया गया है।

मुख्यमंत्री के आगमन की तैयारियों का जायजा लेने विधायक सिहावल विश्वामित्र पाठक, रीवा संभाग के कमिश्नर बी.एस. जामोद और पुलिस महानिरीक्षक गौरव राजपूत बहरी पहुंचे। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो। मंच पर केवल अधिकृत व्यक्तियों को प्रवेश देने और भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।

कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी और पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने बताया कि मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सभी विभागों को दायित्व सौंप दिए गए हैं और तैयारियों की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। तीन बार कार्यक्रम निरस्त होने के कारण आमजन में विशेष उत्सुकता बनी हुई है। प्रशासन का प्रयास है कि मुख्यमंत्री का यह कार्यक्रम शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो।

कार्यक्रम के उपरांत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शाम 4 बजे हेलीकॉप्टर द्वारा रीवा एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे।

https://sidhi24news.in/archives/28113

Leave a Comment

error: Content is protected !!