Re. No. MP-47–0010301

कुशमी में हाथी का कहर: लकड़ी बीनने गए युवक को कुचल डाला, जिला अस्पताल में मौत से जूझ रहा

कुशमी में हाथी का कहर: लकड़ी बीनने गए युवक को कुचल डाला, जिला अस्पताल में मौत से जूझ रहा

सीधी। जिले के आदिवासी बाहुल्य जनपद पंचायत कुशमी अंतर्गत संजय टाइगर रिजर्व क्षेत्र में जंगली हाथी का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ठंड से बचाव के लिए जंगल में लकड़ी बीनने गए एक युवक पर जंगली हाथी ने हमला कर उसे बुरी तरह कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जहां वह जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है।

कुंदौर क्षेत्र की घटना, युवक गंभीर रूप से घायल

घटना ग्राम कुंदौर की है, जो संजय टाइगर रिजर्व के वन परिक्षेत्र पोंडी के कोर एरिया में स्थित है। प्राप्त जानकारी के अनुसार शिवपूजन सिंह पिता गणेश सिंह, उम्र 27 वर्ष, निवासी कुंदौर, 1 या 2 जनवरी की दोपहर करीब 12 बजे जंगल में सूखी लकड़ी बीनने गया था। इसी दौरान दिठोर नाला के पास उसका सामना एक जंगली हाथी से हो गया।

जान बचाने दौड़ा, गिरते ही हाथी ने कुचला

हाथी को सामने देखकर युवक घबरा गया और जान बचाने के लिए दौड़ लगा दी, लेकिन कुछ दूरी पर वह औंधे मुंह गिर पड़ा। पीछे से पहुंचे हाथी ने युवक को मृत समझते हुए उसकी कमर, कूल्हे और पैर को बेरहमी से कुचल दिया और आगे बढ़ गया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल अवस्था में घसीटकर पहुंचा वाच टावर

हाथी के जाने के बाद घायल युवक दर्द से कराहता हुआ किसी तरह खुद को घसीटते हुए पास के वाच टावर तक ले गया और मोबाइल फोन से परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और वन विभाग को अवगत कराया।

वन विभाग ने पहुंचाया अस्पताल

घटना की जानकारी मिलते ही संजय टाइगर रिजर्व के अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायल युवक को तत्काल जिला चिकित्सालय सीधी पहुंचाकर भर्ती कराया गया। वर्तमान में युवक का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

उपचार खर्च निजी, बाद में भुगतान की बात

परिजनों का आरोप है कि वन विभाग द्वारा फिलहाल निजी खर्च पर उपचार कराने और पूर्ण स्वस्थ होने के बाद बिल-बाउचर जमा करने पर खर्च की भरपाई करने की बात कही गई है। परिजन आर्थिक सहायता की तत्काल व्यवस्था की मांग कर रहे हैं।

अकेला हाथी बना ग्रामीणों के लिए खतरा

ग्रामीणों के अनुसार, करीब चार माह पूर्व दो जंगली हाथी सीधी–शहडोल सीमा की बनास नदी पार कर संजय टाइगर रिजर्व क्षेत्र में पहुंचे थे और क्षेत्र में उत्पात मचाने लगे थे। शिकायत के बाद वन विभाग ने एक हाथी को ट्रेंकुलाइज कर बांधवगढ़ भेज दिया, जबकि दूसरा हाथी अब भी क्षेत्र में अकेले स्वच्छंद विचरण कर रहा है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

ग्रामीणों में डर, सुरक्षा इंतजामों की मांग

घटना के बाद कुंदौर सहित आसपास के गांवों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने जंगल क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने, हाथी को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने और पीड़ित परिवार को त्वरित मुआवजा देने की मांग की है।

Leave a Comment

error: Content is protected !!