Re. No. MP-47–0010301

सिंगरौली में जिला कांग्रेस प्रवक्ता पर हमला, घर में घुसकर की गई मारपीट, दो घायल

सिंगरौली में जिला कांग्रेस प्रवक्ता पर हमला, घर में घुसकर की गई मारपीट, दो घाय

सिंगरौली। जिले में बुधवार देर रात जिला कांग्रेस प्रवक्ता भास्कर मिश्रा और उनके साथी कमलेश सोनी पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना बैढ़न थाना क्षेत्र की है, जहां तीन आरोपियों ने घर में घुसकर दोनों के साथ मारपीट की। इस हमले में भास्कर मिश्रा और कमलेश सोनी घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब 8 से 9 बजे के बीच भास्कर मिश्रा अपने घर पर मौजूद थे। इसी दौरान उनके परिचित कमलेश सोनी उनसे मिलने पहुंचे थे। तभी आरोपी सत्यम सिंह अपने दो अन्य साथियों के साथ वहां पहुंचे और कमलेश सोनी को बाहर बुलाया। बाहर निकलते ही आरोपियों ने कमलेश सोनी के साथ मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे भास्कर मिश्रा पर भी आरोपियों ने हमला कर दिया।

महिलाओं से भी की गई धक्का-मुक्की

आरोप है कि जब परिजनों और घर की महिलाओं ने दोनों को बचाने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने कांग्रेस प्रवक्ता की पत्नी सहित अन्य महिलाओं के साथ भी धक्का-मुक्की की। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, पुलिस को देखकर आरोपी फरार हो गए।

मामला दर्ज, आरोपियों की तलाश जारी

नगर पुलिस अधीक्षक पी.एस. परस्ते ने बताया कि भास्कर मिश्रा और कमलेश सोनी की शिकायत पर बैढ़न थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस घटना की गंभीरता से जांच कर रही है।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने की कार्रवाई की मांग

घटना के बाद रात करीब 11 बजे तक बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक बैढ़न थाने में एकत्रित रहे और आरोपियों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की।

पुराने विवाद से जुड़ाव की भी जांच

बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले भास्कर मिश्रा का एक ऑडियो वायरल हुआ था, जिसमें उन्होंने क्षत्रिय समाज को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इस मामले में नवानगर थाने में करणी सेना के एक पदाधिकारी द्वारा उनके खिलाफ प्रकरण भी दर्ज कराया गया था। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि कहीं यह हमला उसी पुराने विवाद से तो जुड़ा नहीं है।

फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी हुई है।

Sidhi Accident: सीधी-रीवा रोड पर भीषण टक्कर, तीन युवकों की दर्दनाक मौत से गांवों में मातम..

Leave a Comment

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This

error: Content is protected !!