Re. No. MP-47–0010301

मोबाइल बना ढाल,गोली से बची जान

मोबाइल बना ढाल, सतना में ऑटो चालक पर फायरिंग, बाल-बाल बची जान

सतना। शहर में शनिवार शाम एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां बाइक सवार युवकों ने एक ऑटो चालक पर फायरिंग कर दी। गोली सीधे चालक की ओर आई, लेकिन उसकी पेंट की जेब में रखे मोबाइल फोन से टकरा गई। इससे उसकी जान बच गई, हालांकि जांघ पर मामूली चोट आई है। घटना के बाद आरोपी हवा में फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए, जिन्हें पुलिस ने बाद में हिरासत में ले लिया।

घटना शनिवार शाम करीब छह बजे रीवा रोड की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार पुरैनिया कृपालपुर निवासी विद्यासागर उर्फ कल्लू (24) अपने परिचित मनीष रजक को ऑटो में बैठाकर बस स्टैंड से गांव की ओर जा रहा था। इसी दौरान महिंद्रा एजेंसी के पास ऑटो की एक सफेद रंग की बाइक से हल्की टक्कर हो गई।

https://www.facebook.com/share/v/18EABRLddG/

टक्कर के बाद बाइक पर सवार तीन युवक भड़क गए और गाली-गलौज करने लगे। मौके पर लोगों की भीड़ जमा होने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चले गए। कुछ देर बाद विद्यासागर अपने साथी के साथ गहरा नाला के पास एक टपरे में चाय पी रहा था, तभी बाइक से चार युवक वहां पहुंचे। उनमें से एक ने पिस्टल निकालकर विद्यासागर पर फायर कर दिया।

गोली विद्यासागर की दाहिनी जेब में रखे मोबाइल फोन से टकराई और उसकी जांघ को छूते हुए बाहर निकल गई। इससे उसे हल्की चोट आई। गोली चलने से घबराकर वह नीचे गिर पड़ा। आरोपियों ने दहशत फैलाने के लिए हवा में भी फायरिंग की और बाइक से फरार हो गए।

मनीष की मदद से घायल विद्यासागर को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है।

पीड़ित के बयान के आधार पर पुलिस ने कौशिक सिंह, शुभम सिंह सहित चार युवकों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। सीएसपी देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि देर रात सभी आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

टाइगर रिजर्व में फिर बाघ की मौत

Leave a Comment

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This

error: Content is protected !!