Ashoknagar Collector आदित्य सिंह का तबादला, साकेत मालवीय बने नए कलेक्टर
आनंदपुर धाम विवाद, सम्मान की घोषणा और रात में ट्रांसफर ने बढ़ाई चर्चाएं
भोपाल।
मध्यप्रदेश सरकार ने बुधवार रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए अशोकनगर कलेक्टर आदित्य सिंह का तबादला कर दिया है। उनकी जगह साकेत मालवीय को अशोकनगर का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है। वहीं आदित्य सिंह को भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास विभाग में उपसचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आनंद धाम ट्रस्ट के आरोपों के बीच हुआ तबादला
यह प्रशासनिक बदलाव ऐसे समय में हुआ है, जब दो दिन पहले ही आनंदपुर धाम ट्रस्ट की ओर से कलेक्टर आदित्य सिंह के खिलाफ पीएमओ में शिकायत करने की बात सामने आई थी। ट्रस्ट ने उन पर तीन करोड़ रुपये की मांग का आरोप लगाया था। हालांकि, इस संबंध में अब तक कोई आधिकारिक शिकायत पत्र सार्वजनिक नहीं हुआ है। इसके बावजूद कलेक्टर के तबादले को लेकर अटकलें तेज हो गई थीं।
दिन में सम्मान की घोषणा, रात में ट्रांसफर
बुधवार को दिन में ही कलेक्टर आदित्य सिंह को विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए 25 जनवरी को राज्यपाल द्वारा सम्मानित किए जाने की घोषणा हुई थी। सोशल मीडिया पर उनके समर्थन में पोस्ट भी वायरल हुईं और उनके समर्थन में आमसभा आयोजित करने की तैयारी चल रही थी। लेकिन रात होते-होते उनके तबादले के आदेश जारी हो गए।
जमीनी स्तर पर सक्रिय अधिकारी के रूप में पहचान
कलेक्टर आदित्य सिंह को एक जमीनी और सक्रिय अधिकारी के रूप में जाना जाता है। वे सप्ताह में दो-तीन दिन गांवों का दौरा करते थे, कई बार साइकिल से भी निरीक्षण पर निकल जाते थे। बारिश के दौरान आधी रात को बाढ़ में फंसे लोगों के रेस्क्यू के लिए स्वयं मौके पर पहुंचने की घटनाएं भी चर्चा में रहीं।
उनके कार्यकाल में जनसुनवाई में आवेदनों की संख्या बढ़कर 1200 तक पहुंच गई थी। केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी कई सार्वजनिक मंचों से उनके कार्यों की सराहना कर चुके हैं।
https://www.facebook.com/share/p/1VGPFtK4rG/
कांग्रेस ने लगाए गंभीर आरोप
इधर, कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप अहिरवार ने भोपाल में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आरोप लगाया था कि आनंदपुर धाम में वर्षों से अवैध गतिविधियां चल रही हैं। उन्होंने युवकों के शोषण और देह व्यापार से जुड़े संगठित सेक्स रैकेट का आरोप लगाते हुए वीडियो साक्ष्य होने का दावा किया था।
किले जैसी सुरक्षा में घिरा आनंदपुर धाम
अशोकनगर जिला मुख्यालय से करीब 42 किलोमीटर दूर चंदेरी रोड पर ईसागढ़ के पास स्थित आनंदपुर धाम करीब 1500 बीघा क्षेत्र में फैला हुआ है। 95 वर्ष पहले एक टपरी से शुरू हुआ यह आश्रम आज विशाल परिसर का रूप ले चुका है।
आश्रम में तीन निजी बस स्टैंड, खुद की फायर ब्रिगेड और भव्य उद्यान मौजूद हैं। इसकी दीवारें किले जैसे परकोटे की तरह हैं, जिन पर ऊपर नुकीले कांच लगाए गए हैं। मुख्य द्वार पर हर समय सिक्योरिटी गार्ड तैनात रहते हैं।
तबादले को लेकर कई सवाल
कलेक्टर आदित्य सिंह का तबादला ऐसे समय में हुआ है, जब उनके कामकाज की सराहना और उन पर लगे आरोप—दोनों ही सुर्खियों में थे। इसे लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं।








