सीधी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: रामपुर नैकिन में 15 शीशी नशीली कफ सिरप के साथ 2 आरोपी गिरफ्तार
सीधी। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना रामपुर नैकिन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध नशीली कफ सिरप के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन द्वारा संचालित ऑपरेशन “प्रहार 2.0” के अंतर्गत की गई।https://sidhi24news.in/archives/29638
पुलिस अधीक्षक सीधी श्री संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव एवं एसडीओपी चुरहट रवि प्रकाश कौल के नेतृत्व में थाना रामपुर नैकिन पुलिस लगातार नशे के कारोबार पर शिकंजा कस रही है। इसी क्रम में 17 मई 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम घूंघटा रोड क्षेत्र में कुछ लोग अवैध नशीली कफ सिरप छिपाकर रखे हुए हैं।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रामपुर नैकिन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गवाहों की मौजूदगी में मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी भागने और छिपने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. इसराइल पिता मो. शाहिद एवं मो. एहसान पिता मोहम्मद जुनूम निवासी कस्बा रामपुर नैकिन, जिला सीधी के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ और आरोपियों की निशानदेही पर पास की झाड़ियों से एक पॉलीथीन में रखी 15 शीशी अवैध नशीली कफ सिरप बरामद की गई। जब्त कफ सिरप की अनुमानित कीमत करीब 3,015 रुपये बताई गई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 8, 21, 22 एनडीपीएस एक्ट एवं 5/13 म.प्र. ड्रग्स कंट्रोल अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
सीधी पुलिस द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान जिले में नशे के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।https://www.facebook.com/share/v/1HQkw2UcdB/







