Re. No. MP-47–0010301

सीधी: शराब के नशे में स्कूल पहुंचे शिक्षक निलंबित, कलेक्टर..

शराब के नशे में विद्यालय पहुंचे शिक्षक निलंबित, कलेक्टर ने तत्काल की कार्यवाही

सीधी, 7 अगस्त 2026। जिले में शिक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए शराब के नशे में विद्यालय पहुंचने वाले एक शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। कलेक्टर विकास मिश्रा ने शासकीय प्राथमिक शाला डिहुली क्रमांक-4, विकासखंड सिहावल में पदस्थ प्राथमिक शिक्षक दिनेश प्रसाद कोल के विरुद्ध यह कार्रवाई मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के तहत की है।

जानकारी के अनुसार 5 अगस्त 2026 को सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें संबंधित शिक्षक विद्यालयीन समय के दौरान शराब के नशे में कक्षा के भीतर सोते हुए दिखाई दिए। वीडियो सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच के निर्देश दिए।https://sidhi24news.in/archives/30323

6 अगस्त को गठित जांच दल द्वारा विद्यालय पहुंचकर पूरे मामले की जांच की गई। जांच में वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि हुई। इसके साथ ही यह तथ्य भी सामने आया कि शिक्षक अप्रैल, जून और जुलाई 2026 के दौरान कई दिनों तक बिना किसी पूर्व सूचना या स्वीकृत अवकाश के विद्यालय से अनुपस्थित रहे। उनकी लगातार अनियमितता और लापरवाही का सीधा असर विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों पर पड़ा।

जांच प्रतिवेदन में उल्लेख किया गया कि शिक्षक की अनुपस्थिति और गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार के कारण विद्यार्थियों की नियमित पढ़ाई बाधित हुई। इससे न केवल शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हुई, बल्कि विद्यालय की कार्यप्रणाली पर भी प्रतिकूल असर पड़ा। प्रशासन ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता एवं शासकीय सेवक के कर्तव्यों के प्रति घोर लापरवाही माना।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर विकास मिश्रा ने तत्काल प्रभाव से शिक्षक दिनेश प्रसाद कोल को निलंबित करने के आदेश जारी किए। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, सिहावल निर्धारित किया गया है। नियमानुसार उन्हें निलंबन अवधि में जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों के भविष्य से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ या शिक्षकीय दायित्वों में लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। शिक्षा की गुणवत्ता बनाए रखने और विद्यालयों में अनुशासन सुनिश्चित करने के लिए ऐसी शिकायतों पर त्वरित एवं कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।https://m.facebook.com/story.php?story_fbid=pfbid02wy7Qs3BcBvVMES954poPUYtVmRaUH9JQ7gZQjvEm1s5gzE2xfXfy1zBzGnBDaoHal&id=61553771941900&mibextid=ZbWKwL

Advertisement

Leave a Comment

error: Content is protected !!