पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्थित सभागार में जिले की कानून व्यवस्था की स्थिति एवं पंजीबद्ध अपराधों की अद्यतन स्तिथि को जानने के लिये पुलिस अधीक्षक सीधी डॉ. रविन्द्र वर्मा द्वारा मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सीधी अरविंद श्रीवास्तव, उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय सीधी एसएन प्रसाद, एसडीओपी चुरहट आशुतोष द्विवेदी, एसडीओपी कुसमी रोशनी सिंह ठाकुर एवं समस्त थाना एवं चौकी के प्रभारी तथा पुलिस अधीक्षक कार्यालय का स्टाफ मौजूद रहा।
बैठक के प्रारंभ में पुलिस अधीक्षक द्वारा मासिक अपराधों का तुलनात्मक थानावार अवलोकन किया गया एवं आवश्यक दिशा निर्देश दिये जाकर वर्ष के अंतिम माह में अधिकतम एवं त्वरित अपराध निकाल कर पेंडेंसी जीरो पर लाने हेतु निर्देशित किया गया। गत विधानसभा मतदान निर्विघ्न एवं शांति पूर्वक संपन्न कराने हेतु समस्त अधिकारियो को बधाई दिये साथ ही निम्न बिंदुओं पर विशेष कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया। सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुये उनका संतुष्टि पूर्वक निराकरण करे। चोरी एवं गृहभेदन के आरोपियों की पता तलाश कर चोरी की गई संपत्ति का शत प्रतिशत वापस करवाने का प्रयास करें। साथ ही अधिकतम अपराधों का निराकरण कर पेंडेंन्सी जीरो पर लाये, आमजन द्वारा की गई शिकायत की जल्द से जल्द जांच कर उचित वैधानिक कार्यवाही कर शिकायतकर्ता को न्याय दिलवाये। महिला एवं बच्चों के विरुद्ध घटित हुई अपराधों को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों पर कठोर कार्यवाही करना सुनिश्चित करें। महिला संबंधी अपराधों में प्रभावी वैधानिक कार्यवाही करें। गंभीर एवं चिन्हित मामलों में त्वरित एवं प्रभावी विवेचना करें। खनिज का अवैध खनन एवं परिवहन करने वाले आरोपियों पर कठोर वैधानिक कार्यवाही कर प्रयुक्त वाहनों के राजसात की कार्यवाही करवाएं। भू माफिया, अवैध शराब व्यापारी, खाद बीज की कालाबाजारी, राशन कालाबाजारी एवं चिटफंड कंपनियां चलाने वाले आरोपियों पर सख्त से सख्त कार्यवाही कर उक्त मामलों के अपराध को पूर्ण रूपेण समाप्त करें। गंभीर एवं चिन्हित मामलों में त्वरित एवं प्रभावी विवेचना कर पीडि़त को न्याय दिलाने का प्रयास करें, लोक शांति में बाधक तत्वों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्यवाही करें। गोष्ठी के अंत में पुलिस अधीक्षक द्वारा अच्छा कार्य करने वाले पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी को पुरस्कृत किया जाकर गोष्ठी समाप्त की गई।








