Sidhi news: नर्सरी संचालक को नपा ने भेजा नोटिस, 2 लाख से अधिक का मंगा किराया
– कलेक्ट्रेेट चौक के फुटपाथ में 3 वर्ष से संचालित है नर्सरी
सीधी-शहर के कलेक्ट्रेेट चौक में फुटपाथ पर बिना अनुमति के तीन वर्ष से नर्सरी का संचालन करने पर नगर पालिका परिषद ने सख्त कार्रवाई करने का मन बना लिया है। तीन वर्षों से बिना अनुमति के बड़े क्षेत्रफल में नर्सरी का संचालन कर लंबी कमाई करने वाले संचालक को अब 2 लाख 3866 रुपए किराया जमा करने के लिए सीएमओ द्वारा नोटिस भेजा गया है। जारी नोटिस में भाईजान नर्सरी के संचालक से कहा गया है कि उनके द्वारा विगत तीन वर्षों से 12 गुणे 57 कुल 684 वर्गफीट में बिना अनुमति के नर्सरी संचालित की जा रही है। यह कृत्य पूर्णत: अवैधानिक है तथा निकाय को आर्थिक क्षति भी हो रही है। अस्थाई भूमि दखल के तहत उक्त भूमि का किराया 55352 रुपए, जीएसटी 9603 रुपए व स्वच्छता शुल्क 5 हजार रुपए कुल रुपए 67955 प्रति वर्ष होता है। अत: तीन वर्षों का किराया 203866 रुपए जमा कर अनुमति प्राप्त करना सुनिश्चित करें। यदि संबंधित राशि जमा नहीं की जाती है तो वैधानिक कार्रवाई शुरू की जाएगी। जिसके लिए नर्सरी संचालक पूरी तरह से उत्तरदायी होंगे। मालूम रहे कि संबंधित नर्सरी संचालक द्वारा तीन वर्षों से कलेक्ट्रेट चौक के समीप अवैध कब्जा करते हुए नर्सरी का संचालन किया जा रहा है। नर्सरी में मौजूद पौधों को काफी महंगे दामों में बेंचा जा रहा है। जिससे काफी मुनाफा भी कमाया जा रहा है। नर्सरी संचालक की उक्त मनमानी को लेकर कई बार समाचार पत्रों के माध्यम से खबरों का प्रकाशन भी किया गया है। फुटपाथ में अवैध रूप से नर्सरी का संचालन होने से काफी असुविधाएं हो रही हैं। फुटपाथ का उपयोग जिस उद्देश्य के लिए कराया गया है उसका लाभ आम लोगों को नहीं मिल पा रहा है। कलेक्ट्रेेट चौक काफी भीड़भाड़ वाला क्षेत्र है। यहां समीप में ही जिला न्यायालय और जिला पंचायत भी संचालित है। इस वजह से हजारों की संख्या में लोगों की आवाजाही बनी रहती है। इसका पूरा-पूरा लाभ नर्सरी संचालक के व्यवसाय को भी हो रहा है। काफी महंगे दामों में फूल, फलदार, छांयादार, फैंसी पौधों की बिक्री की जा रही है। फिर भी अभी तक नर्सरी संचालक कार्रवाई से बचा हुआ था। अब नगर पालिका परिषद द्वारा नर्सरी संचालक की उक्त मनमानियों को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू की गई है।
अवैध अतिक्रमण से सडक़ हादसों का अंदेशा
कलेक्ट्रेट चौक के समीप अवैधानिक रूप से नर्सरी का व्यवसाय होने के कारण यहां पर सडक़ हादसों का अंदेशा भी हमेंशा बना रहता है। कलेक्ट्रेट चौक में मोड़ होने के कारण कई बार दो पहिया वाहन चालकों को सामने से आने वाले वाहन नर्सरी में मौजूद बड़े पौंधों के कारण दिखाई नहीं देते। इसके अलावा नर्सरी दुकान के आसपास खरीददारों के वाहन भी खड़े रहते हैं। इसी वजह से यहां संचालित अवैध नर्सरी को हटाने की मांग काफी अरसे से की जा रही थी। नर्सरी संचालक द्वारा तमाम नियमों को ताक पर रखकर यहां अपना व्यवसाय किया जा रहा है। उसके पौधे रात-दिन यहां पर रखे होते हैं। जिसके चलते फुटपाथ पर वाहनों को भी पार्क करने की सुविधा नहीं मिल पाती। लंबे क्षेत्रफल में नर्सरी के पौधे ही पौधे नजर आते हैं। नगर पालिका परिषद के संबंधित कर्मचारियों द्वारा मौखिक रूप से भी नर्सरी संचालक को यहां से हटने की कई बार हिदायत दी जा चुकी थी फिर भी उसके द्वारा इसकी लगातार अनसुनी की जा रही थी। अब नगर पालिका परिषद सीधी उक्त नर्सरी के अवैध संचालन को लेकर गंभीर नजर आ रहा है। मुख्य नगर पालिका अधिकारी द्वारा नर्सरी संचालक को नोटिस जारी करते हुए उसे तीन वर्ष के किराए के साथ विभिन्न मदों के शुल्क जमा करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि नर्सरी संचालक द्वारा नगर पालिका के नोटिस के अनुसार संबंधित राशि जमा करके वैधानिक रूप से अनुमति नहीं ली जाती तो उसे आगे बड़े वैधानिक कार्रवाई का सामना भी करना पड़ सकता है।








