Sidhi matgadna news: कोहरे के बीच कुछ देर बाद शुरू होगा मतगणना का दौर,ईव्हीएम तय करेगी आपका विधायक कौन
सीधी-अब से कुछ देर बाद मतगणना का दौर शुरू हो जाएगा और दोपहर होते-होते रुझान आने शुरू हो जाएंगे और आज यह भी तय हो जाएगा की इस बार प्रदेश में क्या स्थिति है एग्जिट पोल कहां तक खरे उतरते हैं किसकी सत्ता बनती है किसके दावे पूरे होते हैं यह पूरी स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।
सीधी जिले में भी संजय गांधी महाविद्यालय के पुराने भवन में कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना कराई जाएगी। सुबह 8:00 से शुरू होने वाले मतगणना के बाद पूरी स्थिति स्पष्ट हो जाएगी कौन बाजी मारता है और किसके हिस्से में 5 साल का इंतजार आता है
सीधी जिले के चारों विधानसभा सीटों में 59 प्रत्याशी चुनाव मैदान में है जिनमें मुख्य मुकाबला भाजपा एवं कांग्रेस के बीच माना जा रहा है ऐसे में आज का दिन किसके नाम रहता है यह तो मतगणना के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
मतगणना का काम सुबह 8 बजे से प्रारंभ होगा। सर्वप्रथम ईटीपीबी तथा डाकमत पत्रों की गणना होगी उसके आधा घंटा पश्चात कन्ट्रोल यूनिट में दर्ज मतों की गणना की जाएगी। प्रत्येक विधानसभा के लिए मतगणना दो पृथक-पृथक कक्षों में की गई है। ईव्हीएम मशीनों की गणना के लिए प्रत्येक विधानसभा में 16 गणना टेबल लगाए गए हैं। चुरहट विधानसभा क्षेत्र में 4 टेबिल में डाक मत पत्रों की गणना होगी। सीधी, सिहावल तथा धौहनी विधानसभा क्षेत्र में 3-3 टेबिलों में डाक मतपत्रों की मतगणना का कार्य सम्पन्न होगा। इसी प्रकार सभी विधानसभा क्षेत्रों में ईटीपीबी के लिए एक-एक पृथक टेबल पर गणना होगी।
विधानसभा चुनावों के परिपेक्ष में सीधी जिले की चारों विधानसभा सीटों पर खास तौर से जिन दिग्गज कांग्रेस एवं भाजपा के नेताओं के भाग्य का फैसला होना है उसमें से चुरहट विधानसभा में कांग्रेस के दिग्गज नेता अजय सिंह राहुल का सीधा मुकाबला भाजपा के वर्तमान विधायक शरदेंदु तिवारी से है जबकि यहां आम आदमी पार्टी से अनेंद्र मिश्रा राजन भी मुकाबले की सुर्खियों में हैं। वहीं सिहावल विधानसभा से कांग्रेस के वर्तमान विधायक एवं पार्टी के दिग्गज नेता कमलेश्वर पटेल का सीधा मुकाबला भाजपा के पूर्व विधायक विश्वामित पाठक से है। जबकि सीधी विधानसभा सीट पर भाजपा से सीधी सांसदीय क्षेत्र से लगातार दूसरी बार सांसद श्रीमती रीति पाठक का सीधा मुकाबला कांग्रेस के जिला अध्यक्ष व प्रत्याशी ज्ञान सिंह से है जबकि भाजपा से टिकट कटने के बाद तीन बार के विधायक रहे केदारनाथ शुक्ला यहां चुनाव मैदान में उतरने से सुर्खियों में हैं लोगों को उत्सुकता इस बात की है कि उन्हें कितने मत मिलते हैं। वहीं जिले की आरक्षित सीट धौहनी में भाजपा के तीन बार से विधायक कुंवर सिंह टेकाम का सीधा मुकाबला कांग्रेस की दोबारा प्रत्याशी बनाई गई श्रीमती कमलेश सिंह से देखने को मिलेगा। कांग्रेस भाजपा के इन चेहरों में से ही आज जिले की चारों विधानसभा सीटों पर अगले 5 वर्षों के लिए अपने-अपने विधानसभा की जनता के भाग्य विधाता के रूप में विधायक तय हो जाएंगे। आज दोपहर बाद से इन्हीं प्रत्याशियों के बीच चार के घरों में जश्न का आलम होगा तो वहीं ढलता सूरज बाकी शेष चुनाव मैदान में उतरे प्रत्याशियों के घरों में अगले 5 वर्षों के लिए फिर राजनीतिक संघर्ष, उदासी और गम का आलम देकर जाएगा।









