प्रधानमंत्री ने विकसित भारत संकल्प यात्रा का प्रदेश में किया शुभारंभ
– प्रधानमंत्री जी के विकसित भारत के संकल्प को पूर्ण करने में करें सहभागिता : श्रीमती पाठक

सीधी_प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा वीडियो कांफ्रेंंसिंग के माध्यम से प्रदेश में विकसित भारत संकल्प यात्रा का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन अटल ऑडोटोरियम सीधी में सीधी विधायक सभा क्षेत्र की नव निर्वाचित विधायक श्रीमती रीती पाठक के मुख्य आतिथ्य में किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण दिखाया गया। जिसे उपस्थित जनों ने उत्साहपूर्वक देखा सुना।
इस अवसर पर संबोधित करते हुए विधायक श्रीमती पाठक ने कहा कि यह हम सभी का सौभाग्य है कि देश का नेतृत्व प्रधानमंत्री के सुरक्षित हाथों में है। प्रधानमंत्री ने देश के प्रत्येक गरीब परिवार की चिंता की है। उनके जीवन को सहज बनाने के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्जवला योजना, गरीब कल्याण अन्न योजना, आयुष्मान भारत योजना, जल जीवन मिशन जैसी जन कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का काम किया है। इन योजनाओं के हितलाभ से कोई भी पात्र वंचित नहीं रहे इसलिए विकसित भारत संकल्प यात्रा निकाली जा रही है। विधायक ने कहा कि यह यात्रा गांव-गांव तथा शहरी क्षेत्रों में प्रत्येक वार्ड में पहुंचेगी। सभी अधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि कोई भी पात्र हितग्राही जन कल्याणकारी योजनाओं के हितलाभ से वंचित नहीं रहे। लोगों को योजनाओं की जानकारी मिले तथा पात्रतानुसार उन्हें हितलाभ भी मिलना सुनिश्चित हो। विधायक श्रीमती पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर देश की एक सशक्त पहचान बनाई है। अब उस सशक्त पहचान को और सुदृढ़ बनाने के लिए प्रधानमंत्री ने वर्ष 2047 तक देश को विकसित बनाने का संकल्प लिया है। यह एक सुनहरा भविष्य होगा जो हम अपनी भावी पीढ़ी को देंगे। यह सोच ही अपने आप में अद्भुत है। विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री के इस सपने को पूरा करने के लिए कृत संकल्पित है। उन्होने जिलेवासियों से भी अपील की है कि प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प को पूर्ण करने में सहभागिता करें। इसके पूर्व विधायक श्रीमती पाठक ने जनता से मिले अपार समर्थन पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मैं विधानसभा क्षेत्र की जनता से मिले आशीर्वाद स्नेह और आत्मीयता के लिए हृदय से आभारी हूॅ। मैने सांसद के रूप में पूरी निष्ठा से जनता की सेवा की है। अब विधायक के रूप में जो मुझे नई जिम्मेदारी सौंपी गई है उसका पूरी तन्मयता से निर्वहन करूंगी तथा क्षेत्र के विकास में अपना संपूर्ण योगदान दूॅगी।
जनपद अध्यक्ष सीधी धर्मेन्द्र सिंह परिहार ने कहा कि देश को 2047 तक विकसित बनाने की गारंटी प्रधानमंत्री ने ली है। हम सभी मिलकर प्रधानमंत्री के विकसित भारत के सपने को विकसित सीधी और विकसित मध्यप्रदेश के माध्यम से पूरा करेंगे। कलेक्टर साकेत मालवीय द्वारा विकसित भारत संकल्प यात्रा के विषय में विस्तार पूर्वक जानकारी दी गई। उन्होने बताया कि 16 दिसम्बर से 26 जनवरी 2024 तक यह यात्रा जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत और नगरीय क्षेत्रों के प्रत्येक वार्ड से गुजरेगी। जिसके माध्यम से लोगों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की पात्रता की शर्तें, आवेदन की प्रक्रिया तथा लाभ आदि के विषय में बताया जाएगा। साथ ही पात्र हितग्राहियों को पात्रतानुसार हितलाभ का वितरण किया जावेगा। इसके साथ ही स्वास्थ्य शिविर, राजस्व शिविर, पेंशन शिविर, कृषि जागरूकता शिविरों के माध्यम से लोगों को लाभान्वित किया जाएगा। कार्यक्रम के बाद आईईसी वैन को हरी झण्डी दिखाकर विधायक एवं अतिथियों द्वारा रवाना किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह, भाजपा अध्यक्ष देव कुमार सिंह चौहान, जिला पंचायत सदस्य पूजा सिंह कुशराम, पार्षद पूनम सोनी, आनन्द परियानी, जनपद सदस्य नीतू सिंह, डॉ राजेश मिश्रा, अमलेश्वर चतुर्वेदी, अंजू पाठक सहित संबंधित विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहें।










