Re. No. MP-47–0010301

Sidhi accident: सीधी सड़क हादसे में मृतकों के आश्रितों को कलेक्टर ने दी सहायता राशि

Sidhi accident: सीधी सड़क हादसे में मृतकों के आश्रितों को कलेक्टर ने दी सहायता राशि

सीधी-शनिवार की दोपहर सड़क दुर्घटना में 4 व्यक्तियों की असामयिक मृत्यु पर जिला प्रशासन द्वारा शोक संवेदना व्यक्त की गई है। कलेक्टर साकेत मालवीय ने दुर्घटना की सूचना मिलते ही त्वरित राहत और बचाव कार्य कराया तथा दुर्घटना पीड़ितों को तत्काल उपचार सहायता उपलब्ध कराई। कलेक्टर द्वारा सड़क दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को 25 हजार-25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता रेड क्रॉस से तत्काल उपलब्ध कराई गई। कलेक्टर ने कहा कि इस दुःख की घड़ी में जिला प्रशासन पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है तथा पीड़ित परिवारों को नियमानुसार अन्य सभी सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी।

आज की सड़क दुर्घटना में ऑटो चालक सीताराम कुशवाहा निवासी अमरपुर, उमा मिश्रा तथा उनकी पुत्री जिविका मिश्रा निवासी मझरेठी कोठार एवं शकुन्तला केवट निवासी बारी की असमय मृत्यु हो गई है। जबकि 4 वर्षीय पीयूष मिश्रा को गंभीर हालत में मेडिकल कालेज रीवा रेफर किया गया है।

कलेक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री जी के निर्देशानुसार सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जिला प्रशासन तथा पुलिस प्रशासन द्वारा हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। वाहनों के सघन जांच की कार्यवाही जारी है। वाहन के दस्तावेजों तथा फिटनेस की जांच के लिए अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर ने लोगों से अपील की है कि यातायात के सभी निर्देशों का पालन करें। वाहन को चलाते समय सभी सुरक्षात्मक उपायों को अपनाए। दो पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट लगाएं तथा चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट अनिवार्य रूप से लगाएं। कोहरा होने पर वाहनों को नहीं चलाएं तथा गति सीमा का भी ध्यान रखें।

 

Leave a Comment

error: Content is protected !!