इंदौर को मिला देश के सबसे स्वच्छ शहर एवं एमपी को दूसरा स्थान….
भोपाल- लगातार सातवीं बार इंदौर को देश का सबसे स्वच्छ शहर चुना गया है। इस पर सीएम मोहन यादव ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि- अपना इंदौर स्वच्छता के सातवें आसमान पर है। इंदौरवासियों ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया है कि स्वच्छता न सिर्फ उनकी आदत बन चुकी है, बल्कि अब उनकी सोच में भी स्वच्छता ही है।
गौरतलब है कि स्वच्छ सर्वेक्षण-2023 में इंदौर शहर को पहला और मध्यप्रदेश राज्य को देश में दूसरा स्थान प्राप्त हुआ है। इस पर मुख्यमंत्री ने सभी जनप्रतिनिधियों, स्वच्छता कर्मवीरों और प्रदेश की साढ़े आठ करोड़ जनता को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता की इस सबसे बड़ी उपलब्धि पर मैं समस्त प्रदेशवासियों एवं स्वच्छता के कार्य में लगी पूरी टीम को बधाई देता हूं एवं अपील करता हूं कि स्वच्छता के लिए आपका यह जुनून कभी कम न हो।
सीएम ने यह भी कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के स्वच्छ भारत के सपने को साकार करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जो संकल्प लिया है, उसे पूरा करने के लिए मध्यप्रदेश सदैव कटिबद्ध है। उल्लेखनीय है कि मप्र इस बार देश का दूसरा सबसे स्वच्छ प्रदेश चुना गया है।








