Re. No. MP-47–0010301

Amit Shah:अमित शाह छत्‍तीसगढ़ से करेंगे चुनावी शंखनाद

Amit Shah:अमित शाह छत्‍तीसगढ़ से करेंगे चुनावी शंखनाद

रायपुर- लोकसभा चुनाव 2024 के चलते भाजपा ने तीन तरह के प्रवास की योजना बनाई गई है। इसमें पहला क्लस्टर प्रवास, दूसरा लोकसभा औऱ तीसरा विधानसभा प्रवास शामिल है। इसी सिलसिले में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 22 फरवरी को छत्तीसगढ़ पहुंच रहे हैं। वह सबसे पहले दोपहर एक बजे प्रदेश के बस्तर लोकसभा क्षेत्र में विधानसभा क्षेत्र कोंडागांव में क्लस्टर की बैठक लेंगे। इसके बाद दोपहर 3:20 बजे जांजगीर-चांपा लोकसभा क्षेत्र में जनसभा लेने के बाद कलस्टर प्रभारियों की बैठक करेंगे। शाह लोकसभा प्रभारी, क्लस्टर प्रमुखों से वन टू वन करेंगे।
पार्टी सूत्रों के अनुसार शाह गुरुवार को बस्तर लोकसभा क्षेत्र अंतर्गत कोंडागांव में पार्टी की कलस्टर स्तरीय बैठक लेकर चुनाव की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। इस कलस्टर में बस्तर के साथ महासमुंद और कांकेर लोकसभा सीट शामिल हैं। इनमें वर्तमान में बस्तर कांग्रेस और महासमुंद व कांकेर में भाजपा के सांसद हैं।
प्रदेश में भाजपा द्वारा लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी की तैयारी के लिए बस्तर को चुना गया है। बस्तर और कोरबा प्रदेश की दो सीटें कांग्रेस और शेष नौ सीटें भाजपा के पास है। शाह के आगमन को लेकर सियासत भी तेज हो गई है। कांग्रेस का कहना है कि शाह डर के मारे पहले हारी हुई सीट पर समीक्षा करने आ रहे हैं।
2019 के चुनाव में बस्तर सीट से भाजपा 38 हजार से अधिक मतों के अंतर से पराजित हुई थी। अमित शाह हेलीकाप्टर से सीधे कोंडागांव पहुंचेंगे और वहां बैठक लेकर जांजगीर के लिए रवाना हो जाएंगे। बैठक में तीनों लोकसभा क्षेत्रों से लगभग दो सौ पार्टी पदाधिकारियों को बुलाया गया है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव बस्तर में ही हैं। पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व कोंडागांव विधायक लता उसेंडी तथा मंत्री केदार कश्यप पार्टी प्रदेश संगठन के साथ मिलकर अमित शाह की बैठक की तैयारी देख रहे हैं।
बस्तर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आठ विधानसभा क्षेत्र, कोंडागांव, नारायणपुर, बस्तर, जगदलपुर, चित्रकोट, कोंटा, दंतेवाड़ा और बीजापुर शामिल हैं। इनमें बस्तर, कोंटा और बीजापुर तीन सीट कांग्रेस और शेष पांच सीटों पर भाजपा के विधायक हैं।

लोकसभा चुनाव के लिए अगले माह मार्च के प्रथम पखवाड़े में निर्वाचन आयोग द्वारा घोषणा संभावित है। अप्रैल में प्रथम चरण के चुनाव में बस्तर सीट के लिए भी मतदान कराया जा सकता है जैसा कि पिछले लोकसभा चुनाव में किया गया था। अमित शाह द्वारा ली जाने वाली बैठक को लेकर पार्टी पदाधिकारियों में काफी उत्साह है।

Leave a Comment

You May Like This

error: Content is protected !!