Re. No. MP-47–0010301

Mp news:24 पूर्व मंत्रियों एवं 4 पूर्व विधायकों को बेदखली का नोटिस

Mp news:24 पूर्व मंत्रियों एवं 4 पूर्व विधायकों को बेदखली का नोटिस

भोपाल-राजधानी भोपाल में बंगला खाली नहीं करने वाले पूर्व मंत्रियों और पूर्व विधायकों को बेदखली का नोटिस जारी किया गया है। ऐसे 28 नेताओं के बंगले के बाहर नोटिस चस्पा किया है। इनमें 24 पूर्व मंत्री और 4 पूर्व विधायक शामिल हैं। कुछ ऐसे भी हैं, जो शिवराज सरकार में मंत्री थे, लेकिन डॉ. मोहन यादव सरकार में मंत्री पद नहीं मिला।

संबंधित अफसरों का कहना है कि बंगला खाली नहीं किया, तो 10 दिन का एक और नोटिस दिया जाएगा। इसके बाद ताला तोड़कर जबरन बंगला खाली कराया जाएगा। पूर्व मंत्रियों में कमल पटेल, उषा ठाकुर, मीना सिंह, दीपक जोशी, इमरती देवी, रामपाल सिंह, महेंद्र सिंह सिसोदिया समेत 28 नेताओं के नाम हैं।

संपदा संचालनालय गृह विभाग की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि ‘संबंधित पूर्व मंत्री व विधायक लोक परिसर का अनधिकृत उपयोग कर रहे हैं। ऐसे में नियमों के मुताबिक उन्हें लोक परिसर से बेदखल किया जाने का प्रावधान है, इसलिए लोक परिसर (बेदखली) अधिनियम 1974 (क्रमांक 46 सन 1974) की धारा 4 की उपधारा (1) में प्राप्त शक्तियों का उपयोग करते हुए बंगला खाली न करने का कारण बताएं। प्रस्तावित बेदखली आदेश को क्यों न अंतिम रूप में लागू किया जाए।
इन सभी को पहले चरण में दिए गए नोटिस में 29 फरवरी तक बंगला खाली करने के लिए कहा गया, जिसकी अवधि खत्म हो गई है। ये नोटिस अब बंगलों पर चस्पा किए गए हैं।

गृह विभाग के अफसरों का कहना है कि जिन पूर्व मंत्रियों और विधायकों ने बंगले खाली नहीं किए हैं, उन्हें पहले 7 दिन का नोटिस दिया गया था। इसके बाद भी आवास खाली नहीं किया गया, तो बेदखली का पहला नोटिस 19 फरवरी को भेजा गया। इसमें 10 दिन का समय दिया गया था। इस नोटिस को भी अनदेखा कर दिया गया। अब बेदखली का दूसरा नोटिस दिया जाएगा। इसके बाद भी बंगला खाली नहीं करने पर ताला तोड़कर सामान बाहर कर दिया जाएगा। इस दौरान पुलिस और प्रशासन के अफसर भी मौजूद रहेंगे।

इन पूर्व मंत्रियों व विधायकों ने खाली किए आवास

गृह विभाग के अनुसार जिन पूर्व मंत्रियों और विधायकों ने बंगले खाली कर दिए हैं, उनमें ओपी सखलेचा, गिरीश गौतम, राजवर्धन सिंह दत्तीगांव, प्रेम सिंह पटेल, संजीव सिंह के नाम शामिल हैं। इसके अलावा, बिसाहूलाल सिंह का बंगला भी खाली होने की जानकारी दी जा रही है। बाकी जिन पूर्व मंत्रियों और विधायकों ने भी बंगले खाली कर दिए हैं, उन्होंने गृह विभाग को सूचना नहीं दी है, इसलिए विभाग बेदखली की कार्रवाई करने जा रहा है।

Leave a Comment

You May Like This

error: Content is protected !!