सीधी मझौली रोड़ पर बोलेरो ने मचाई तबाही, तीन की गई जान, दो पहुंचे अस्पताल
सीधी- रविवार की शाम सीधी मझौली रोड पर एक अनियंत्रित बोलेरो वाहन ने तबाही मचा दी और एक के बाद एक करीब पांच लोगों को लापरवाही पूर्वक बोलेरो वाहन द्वारा कुचल दिया गया जिसमें तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई जबकि दो गंभीर अवस्था में इलाजरत हैं।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक आज 17 मार्च रविवार को शाम लगभग 7:30 बजे सीधी तरफ से आसमानी रंग की बोलोरो मझौली तरफ जा रही थी जो ग्राम तिलवारी के गंजरी तिराहा से अनियंत्रित हो गई और एक के बाद एक कई लोगों को ठोकर मारती गई। हाई स्कूल छुही के पास रामकृपाल कुशवाहा एवं मनोज गुप्ता बाइक से जा रहे थे जिन्हें बोलेरो वाहन ने पीछे से टक्कर मार दिया जिससे दोनों गिर गए जिन्हें कुचलते हुए वाहन आगे निकल गया और 200 मीटर दूर कमला प्रसाद पनिका के घर के पास मुन्नी सिंह 45 वर्ष एवं उसकी पुत्री आरती सिंह 25 वर्ष पैदल जा रही थी जिन्हें कुचल दिया फिर वहां से 300 मीटर आगे जाने पर अनियंत्रित होकर पलट गई जहां रामनरेश पिता झुरई बैगा 15 वर्षीय बैठा था वह भी घायल हो गया।वाहन के कुचलने से मुन्नी सिंह पति शंकर सिंह 45 वर्ष, आरती सिंह पिता शंकर सिंह 25 वर्ष, रामकृपाल पिता शिव प्रसाद कुशवाहा 50 वर्ष तीनों निवासी ग्राम छुही थाना मझौली जिला सीधी की मौके पर ही मौत हो गई है जबकि मनोज गुप्ता उर्फ पप्पू पिता रोशन लाल गुप्ता 40 वर्ष तिलवारी एवं रामनरेश पिता झुरई बैगा 15 वर्ष दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए हैं जिन्हें जिला चिकित्सालय भेजा गया है।वाहन चालक मौके से फरार बताया गया है एवं वाहन मालिक ग्राम खंतरा निवासी छोटू बैगा बताया गया।मौके पर पहुंचे मझौली पुलिस द्वारा पड़ताल की जा रहीं हैं और चालक को ढूंढा जा रहा है।








