उज्जैन महाकाल मंदिर में लगीं आग,पुजारी, पंडे सहित 14 लोग झुलसे
उज्जैन- होली के अवसर पर उज्जैन के महाकाल मंदिर में भस्मारती के दौरान आग लग गई। इसकी चपेट में पुजारी, पंडे और सेवकों सहित कुल 14 लोग झुलस गए। घटना के दौरान देश-विदेश से आए हजारों श्रद्धालु मंदिर में मौजूद थे। कुछ पुजारी गंभीर घायल बताए गए हैं। बाकी लोगों की हालत सामान्य बताई गई है। आधा दर्जन से अधिक पुजारियों को उपचार के लिए इंदौर रेफर किया गया था।
तीन पुजारियों को अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। इंदौर के बार सीएम ने उज्जैन पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना। मीडिया से चर्चा में उन्होंने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि घायलों के लिए एक लाख की आर्थिक सहायता की घोषणा की गई है। घायलों का बेहतर उपचार भी किया जाएगा।
सीएम ने कहा कि यह घटना खतरे की घंटी
सीएम डॉ मोहन यादव ने कहा कि भगवान की कृपा से कोई बड़ी त्रासदी नहीं हुई। एक तरह से यह एक खतरे की घंटी है, हम यह सुनिश्चित करने की कोशिश करेंगे कि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों। मैंने उज्जैन और इंदौर दोनों जगह घायल को देखा है। घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं। घायलों का उचित इलाज किया जाएगा और हमने प्रशासन से कहा है कि सभी को 1-1 लाख रुपये की मदद की जाए। हम यह सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाएंगे कि ऐसी घटनाएं दोबारा न हो।
सीएम डॉ मोहन यादव ने इंदौर के अरबिंदो हाॅस्पिटल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने सत्यनारायण सोनी नामक गंभीर घायल के बेहतर उपचार के निर्देश भी दिए। सीएम ने घायलों के उपचार के लिए एक – एक लाख की सहायता देने की घोषणा की। इसक साथ ही इलाज का पूरा खर्च मप्र सरकार उठाएगी ।
गर्भगृह में गुलाल उडाते समय हुआ हादसा
होली के कारण श्रृंगार के बाद गर्भगृह और उसके ठीक बाहर गुलाल उड़ाया जा रहा था। इस दौरान आग भभकी। बताया जा रहा है कि स्प्रे से गुलाल उड़ाया जा रहा था। गुलाल में केमिकल होने के कारण आग भभकी। इधर गर्भगृह की दीवार को गुलाल से बचाने के लिए फ्लैक्स, कपड़े भी लगाए गए थे। इससे आग और तेजी से फैली। अग्निशमन यंत्रों से आग पर काबू पाया गया। घटना में सत्यनारायण, चिंतामन, रमेश, अंश, शुभम, विकास, महेश, मनोज, संजय, आनंद, सोनू और राजकुमार नाम के पुजारी और सेवक झुलसे हैं।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव महाकाल गर्भगृह में हुई आग की घटना में प्रभावित लोगों से मिलने इंदौर पहुंचे। यहां से वे उज्जैन गए। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में परिवर्तन किया गया है। पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने भी हादसे पर दुख जताया है। इंदौर कलेक्टर आशीष के अनुसार 8 लोगों को इंदौर के अरबिंदो अस्पताल लाया गया है सभी की हालत स्थिर है , जरूरत पड़ने पर डाक्टरों की संख्या बढ़ाई जाएगी। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय उज्जैन में घायलों से मिले। विजयवर्गीय के साथ मंत्री तुलसी सिलावट भी सीएम के साथ इंदौर अस्पताल में मौजूद रहे।
मीडिया से बातचीत में डॉ मोहन यादव ने कहा था कि पहले वे इंदौर और फिर उज्जैन जाएंगे। उन्होंने कहा कि बड़ा हादसा टल गया। कुछ लोग घायल हुए हैं। मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।
इंदौर में मीडिया से सीएम ने कहा कि घटना दुखद है। यहां अस्पताल में ही पीएम मोदीजी और राष्ट्रपतिजी का फोन आया है। मैंने बताया कि सभी की हालत लगभग ठीक है। डाॅक्टरों ने विपरीत हालातों में बेहतर उपचार किया परमात्मा ने बड़ी घटना होने से बचा लिया। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय सभी के उपचार का ध्यान रख रहे हैं।उन्होंने यह भी कहा कि इस घटना में कोई षड्यंत्र तो नहीं इसकी भी जांच की जाएगी।









