महिलाओं के साथ महुआ बिनते नजर आए राहुल गाँधी,चखकर बोले नाॅट बैड
शहडोल-कांग्रेस के स्टार प्रचारक और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को एमपी में महुआ फूल बीने। वे शहडोल से उमरिया जा रहे थे। रास्ते में आदिवासी महिलाओं को महुआ बीनते देख काफिला रुकवाया और उनसे बातचीत की। राहुल ने कुछ महुए बीने और चखकर भी देखे।
बता दें, राहुल सोमवार को चुनावी सभा करने शहडोल आए थे। उन्होंने इन सभाओं में आदिवासियों पर फोकस किया। लौटते वक्त फ्यूल की कमी के कारण उनका हेलिकॉप्टर उड़ नहीं सका। राहुल ने शहडोल के एक निजी होटल में रात गुजारी। बांधवगढ़ से लगे जंगल में एक ढाबे पर डिनर किया। राहुल ने इंस्टा पर शहडोल दौरे का अपना वीडियो शेयर किया, जिसमें लिखा- आज की शाम शहडोल के नाम। उनके साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार भी थे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने बताया कि हेलिकॉप्टर के लिए भोपाल से फ्यूल मंगवाया गया, लेकिन खराब मौसम के कारण फ्यूल समय पर नहीं पहुंच पाया था। राहुल मंगलवार सुबह चार्टर्ड प्लेन से दिल्ली के लिए रवाना हुए।
राहुल गांधी ने नमस्कार कर महिलाओं से पूछा, ‘यह फसल आप जमीन से उठाते हो?’ इसके बाद महुआ चखकर बोले- नॉट बैड।
महिलाओं ने जवाब दिया, ‘सुबह 3 बजे से बैठे हैं, तब जाकर इतना सा मिला है।’ इस पर राहुल ने पूछा- एक दिन में कितना बीन लेते हैं? महिला ने बताया- दो चुकनी (टोकरी)।
दूसरी महिला ने बताया कि हम इसको सुखाकर मार्केट में बेचते हैं। राहुल ने पूछा कि कितना पैसा बनता है तो महिला ने कहा, ‘दो चुकनी बेचने पर दो-तीन सौ रुपए बन जाते हैं। कुछ खाने के लिए बचा लेते हैं। महिलाओं ने कहा कि इसमें सरकार से कुछ मदद नहीं मिलती।
सरकार बनी तो देश के किसानों का कर्जा माफ करेंगे
शहडोल के बाणगंगा मेला ग्राउंड में आयोजित सभा में राहुल ने कहा- हमारी सरकार बनने पर देश के किसानों का कर्जा माफ करेंगे। साथ ही किसानों को कानूनी न्यूनतम समर्थन मूल्य देंगे। उन्होंने महालक्ष्मी योजना के तहत हर गरीब परिवार की एक महिला को सालाना एक लाख रुपए देने की भी बात कही।
राहुल गांधी ने कहा कि मोदी जी ने 22-25 लोगों का 16 लाख करोड़ रुपए का कर्जा माफ किया है। मनरेगा को चलाने में 65 हजार करोड़ रुपए लगते हैं। मोदी जी ने 24 साल का मनरेगा का पैसा कर्जे का माफ कर दिया, लेकिन वो किसानों का, गरीबों का, मजदूरों का कर्जा माफ नहीं करते।
राहुल गांधी ने ये भी कहा कि इंडिया गठबंधन की सरकार बनने पर अग्निवीर योजना को खत्म करेंगे, क्योंकि सेना भी इसे नहीं चाहती है।








