कान्हा से संजय टाइगर रिजर्व सीधी में 6 गौर भेजे गए
मंडला- कान्हा से समय समय पर प्रदेश के अन्य टाइगर रिज़र्व में वन्यप्राणियों का स्थानांतरण किया जा रहा है। जिससे अन्य जंगलों में भी वन्यप्राणियों का रहवास हो और किसी संकट की स्थिति में विलुप्ति की कगार से बचाया जा सके।कान्हा टाइगर रिजर्व से अब संजय टाइगर रिजर्व सीधी में 6 गौर स्थानांतरित किए गए हैं। दो दिनों में यह कार्य पूरा किया गया। जिसमे कान्हा के आधा सैकड़ा से अधिक अधिकारी, कर्मचारी इस कार्य मे लगे रहे।
चार मादा और दो नर मादा
गौर को सीधी भेजने का कार्य सोमवार से शुरू किया गया। जो कि बहुत ही गुप्त रखा गया। जब दो दिनों तक सभी गौर को विशेष वाहनों में लोड कर भेज दिया गया।उसके बाद जानकारी दी गई।कान्हा टाइगर रिजर्व से मिली जानकारी के अनुसार गौर पुनर्स्थापना कार्यक्रम अंतर्गत कान्हा टाइगर रिजर्व से संजय टाइगर रिजर्व में कुल 6 गौर का विस्थापन किया गया। जिसमें 4 मादा एवं 2 नर गौर शामिल है।
कान्हा व किसली परिक्षेत्र से भेजे गए
दो दिवसीय गौर पुनर्स्थापना कार्यक्रम में 8 अप्रैल को 1 नर एवं 1 मादा तथा 9 अप्रैल को 1 नर एवं 3 मादा को क्रमशः किसली एवं कान्हा परिक्षेत्र से संजय टाइगर रिजर्व सीधी में 3 ट्रांसलोकेस वाहन द्वारा स्थानांतरित किया गया।
गत वर्ष से किया जा रहा स्थानांतरण
कान्हा प्रबंधन के अनुसार संजय टाइगर रिजर्व सीधी में 50 गौर का स्थानांतरण किए जाने का यह भाग है। कान्हा टाइगर रिजर्व से जून 2023 में 28 गौर का विस्थापन किया गया है। पूर्व में भेजे गए गौर पूर्णतः स्वस्थ है एवं वहां जाकर उनके द्वारा बच्चों को जन्म देकर वंशवृद्धि की जा रही है।








