Re. No. MP-47–0010301

एमपी में आंधी-बारिश का रेड अलर्ट, 31 जिलों में बदला रहेगा मौसम

एमपी में आंधी-बारिश का रेड अलर्ट, 31 जिलों में बदला रहेगा मौसम

 

भोपाल- मौसम विभाग ने आज लगातार पांचवें दिन मध्यप्रदेश में ओले-बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया है। भोपाल-इंदौर समेत 31 जिलों में भी गरज-चमक, ओले, बारिश और आंधी चलने का अनुमान है। नर्मदापुरम-बैतूल जिले के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। यहां 60Km प्रतिघंटे की स्पीड से आंधी चल सकती है।

इससे पहले, बुधवार को भोपाल, सीहोर, शाजापुर, देवास, विदिशा, रायसेन, उज्जैन समेत कई जिलों में कहीं तेज तो कहीं रिमझिम बारिश हुई। ओले भी गिरे। तेज हवा भी चली। कई जिलों में देर रात तक मौसम बदला रहा। भोपाल में 28 मिमी यानी 1 इंच से ज्यादा बारिश हुई। सिवनी में आधा इंच से ज्यादा पानी गिरा। वहीं, रायसेन में 8 मिमी बारिश दर्ज की गई।

इसलिए ऐसा मौसम

IMD भोपाल की सीनियर वैज्ञानिक दिव्या ई. सुरेंद्रन ने बताया, ‘वर्तमान में वेस्टर्न डिस्टरबेंस, साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ लाइन गुजरने की वजह से बारिश-ओले का स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव है। इस कारण प्रदेश में बारिश हो रही है। 12 अप्रैल से एक और वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव हो रहा है। इसका असर भी प्रदेश में देखने को मिलेगा।
कब-कहां ओले-बारिश का अनुमान

• 11 अप्रैल: बुरहानपुर, झाबुआ, धार, इंदौर, उज्जैन, देवास, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, जबलपुर और नरसिंहपुर में हल्की बारिश हो सकती है। भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, हरदा, खंडवा, खरगोन, सिवनी, मंडला, बालाघाट और पांढुर्णा में ऑरेंज अलर्ट है। बारिश, ओले और 40 से 50Km प्रतिघंटे की रफ्तार से आंधी भी चल सकती है। नर्मदापुरम और बैतूल में रेड अलर्ट है। यहां हवा की रफ्तार 60Km प्रतिघंटा या इससे अधिक हो सकती है।

• 12 अप्रैल: खरगोन, बड़वानी, धार, इंदौर, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर-मालवा, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, भिंड, मुरैना, श्योपुरकलां, नरसिंहपुर और मंडला में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, 30 से 40Km प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा भी चल सकती है। भोपाल, विदिशा, रायसेन, राजगढ़, सीहोर, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, पांढुर्णा, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर और खंडवा में बारिश-आंधी के साथ ओले भी गिर सकते हैं।

13 अप्रैल: भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, झाबुआ, धार, इंदौर, शाजापुर, आगर-मालवा, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुरकलां, रीवा, मऊगंज, सतना, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, मैहर और पांढुर्णा में यलो अलर्ट है। कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है।

अप्रैल में पहली बार ऐसा सिस्टम

अप्रैल में पहली बार साइक्लोनिक सर्कुलेशन, ट्रफ लाइन और वेस्टर्न डिस्टरबेंस की वजह से स्ट्रॉन्ग सिस्टम की एक्टिविटी है। इस कारण पिछले 4 दिन से प्रदेश में ओले-बारिश का दौर जारी है और पांचवें दिन भी बारिश होने का अनुमान है। बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से प्रदेश में लगातार नमी आ रही है।

10 में से 7 साल हो चुकी बारिश

अप्रैल महीने में प्रदेश में आंधी-बारिश का ट्रेंड है। पिछले 10 में से 7 साल बारिश हुई थी। अबकी बार भी ऐसा ही मौसम है। पूरे प्रदेश में बादल, बारिश, आंधी, आकाशीय बिजली गरजने या चमकने या ओले गिरने का दौर जारी है।

ओले-आंधी के चलते एडवाइजरी जारी

• ओले गिरने और तेज हवा के कारण खुले क्षेत्र में फसलों को नुकसान की संभावना है, उसे समेटकर रख लें।

• आकाशीय बिजली गिरने से जान-माल को हानि हो सकती है। सुरक्षित स्थान पर रहें।

• घर के अंदर रहें। खिड़कियों और दरवाजे बंद करें। संभव हो तो यात्रा से बचें।

• इलेक्ट्रिक व इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्लग निकाल दें।

• पूर्वी मध्यप्रदेश में जहां भी बारिश की संभावना है, वहां फसलों को सुरक्षित करने के उपाय के साथ सिंचाई और रासायनिक छिड़काव से बचें।

• पश्चिमी मध्यप्रदेश में जहां तेज धूप निकलने का अनुमान है, वहां हल्की सिंचाई करें।

Advertisement

Leave a Comment

error: Content is protected !!