Re. No. MP-47–0010301

इंदौर, भोपाल, जबलपुर, उज्जैन, रीवा और शहडोल संभाग में बारिश के आसार

इंदौर, भोपाल, जबलपुर, उज्जैन, रीवा और शहडोल संभाग में बारिश के आसार

भोपाल। अलग-अलग स्थानों पर सक्रिय छह मौसम प्रणालियों के असर से अरब सागर से नमी आने का सिलसिला शुरू हो गया है। इससे शुक्रवार को सुबह से ही प्रदेश के अधिकतर जिलों में मौसम का मिजाज बदल गया। तेज रफ्तार से हवाएं चलने और बादल बने रहने से दिन के तापमान में एक से लेकर सात डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। इससे तपिश से राहत मिली।

मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, शनिवार को भोपाल, नर्मदापुरम, जबलपुर, रीवा, शहडोल, इंदौर, उज्जैन संभाग के जिलों के अलावा ग्वालियर, चंबल संभाग के पश्चिमी भाग में भी गरज-चमक के साथ वर्षा होने के आसार हैं। उधर, शुक्रवार को सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक बैतूल में 16, रतलाम में आठ, उज्जैन में एक और इंदौर में 0.1 मिलीमीटर वर्षा हुई।

मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ ईरान और उससे लगे अफगानिस्तान पर हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात के रूप में बना हुआ है। इस चक्रवात से एक द्रोणिका लाइन भी संबद्ध है, जो अरब सागर तक बनी हुई है। इस मौसम प्रणाली के असर से राजस्थान पर एक प्रेरित चक्रवात बन गया है।

मराठवाड़ा पर भी हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात मौजूद है। इस चक्रवात से लेकर तमिलनाडु तक एक द्रोणिका बनी है। इसके अतिरिक्त अरब सागर में एक प्रति चक्रवात भी है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि हवाओं के साथ अरब सागर से नमी आने के कारण प्रदेश में मौसम का मिजाज बदल गया है।

शनिवार को भी मौसम का मिजाज इसी तरह बने रहने की संभावना है। इस दौरान भोपाल, नर्मदापुरम, जबलपुर, इंदौर, उज्जैन संभाग के जिलों के अलावा ग्वालियर, चंबल संभाग के पश्चिमी भाग में भी गरज-चमक के साथ वर्षा होने के आसार हैं।

Leave a Comment

error: Content is protected !!