मौसम के मिजाज में परिवर्तन,प्रदेश के 35 जिलों में बारिश का अलर्ट
भोपाल- अलग-अलग स्थानों पर बनी मौसम प्रणालियों के असर से अरब सागर से हवाओं के साथ कुछ नमी आने लगी है। इसके चलते बुधवार को दोपहर के बाद मौसम ने यू टर्न ले लिया। आसमान में बादल छा गए और प्रदेश के अधिकतर शहरों में गरज-चमक होने के साथ कहीं-कहीं हल्की वर्षा भी हुई। दिन का तापमान लुढ़कने से तपिश से कुछ राहत भी मिली।
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक गुरुवार को भी मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है। उधर गुरुवार को प्रदेश में सबसे अधिक 43.7 डिग्री सेल्सियस तापमान गुना में दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक वर्तमान में उत्तरी हरियाणा पर हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है।
उत्तर-पूर्वी राजस्थान पर भी हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात है। इस चक्रवात से लेकर एक द्रोणिका गुजरात होते हुए कर्नाटक तक बनी हुई है, जबकि इसी चक्रवात से लेकर दूसरी द्रोणिका उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड होते हुए असम तक बनी हुई है। उत्तर-पूर्वी अरब सागर पर भी हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है।
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि वर्तमान में हवाओं का रुख दक्षिणी एवं दक्षिण-पश्चिमी बना हुआ है। हवाओं के साथ अरब सागर से कुछ नमी आने लगी है। इस वजह से पूरे प्रदेश में आंशिक बादल बने हुए हैं। इसके चलते पूरे प्रदेश में अधिकतम तापमान में कुछ कमी आने लगी है।
साथ ही प्रदेश के अधिकतर शहरों में गरज-चमक के साथ वर्षा की स्थिति बन रही है। गुरुवार को भी प्रदेश के लगभग सभी संभागों के जिलों में रुक-रुककर वर्षा हो सकती है। इस दौरान तेज हवाएं चलने के भी आसार हैं। उधर गुरुवार से एक नए पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत में सक्रिय होने की संभावना है।









