आज पंचतत्व में विलीन होंगी माधवी राजे सिंधिया,
कई राज्यों के मुख्यमंत्री समेत कई मंत्री होंगे शामिल
पूर्व केंद्रीय मंत्री माधव राव सिंधिया की पत्नी और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की मां राजमाता माधवी राजे का बुधवार को निधन हो गया। उनकी पार्थिव देह गुरुवार सुबह 11 बजे ग्वालियर लाई जाएगी। यहां दोपहर तीन बजे तक अंतिम दर्शन के लिए रखी जाएगी। शाम 5 बजे सिंधिया छत्री पर उनका राजसी परंपरा के अनुसार अंतिम संस्कार किया जाएगा।
तीन राज्यों के मुख्यमंत्री समेत प्रदेश के कई मंत्री और नेता अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। रात तक मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय और राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा का आना तय हो गया था। साथ ही नेपाल, बड़ोदरा और जम्मू के राजघराने के सदस्य भी ग्वालियर पहुंचेंगे।
एयरपोर्ट से लेकर छत्री परिसर तक दो हजार जवान तैनात
गुरुवार को ग्वालियर में कई VVIP और VIP के साथ राजघरानों के सदस्य आ रहे हैं। ऐसे में ग्वालियर एसपी धर्मवीर सिंह ने सुरक्षा के इंतजाम किए हैं। दो हजार से ज्यादा जवान व अफसर तैनात किए गए हैं। एयरपोर्ट से लेकर सिंधिया छत्री परिसर तक किलेबंदी की गई है।
पुलिस ने छत्री परिसर को नो व्हीकल जोन घोषित किया है। जिस रूट से अंतिम यात्रा निकलनी है, वहां न कोई आ पाएगा, न जा पाएगा। एयरपोर्ट से रानी महल तक जब पार्थिव देह लाई जाएगी, तो ट्रैफिक रोक दिया जाएगा।








